राजकीय महाविद्यालय टनकपुर में गढ़ भोज कार्यक्रम आयोजित, पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों के साथ लोक संस्कृति और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने पर जोर

Advertisement

गूंज, चम्पावत।राजकीय महाविद्यालय टनकपुर में उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक खान-पान और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गढ़ भोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अनुपमा तिवारी ने किया।

इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. अनुपमा तिवारी ने कहा कि गढ़ भोज उत्तराखंड की पहाड़ी संस्कृति और परंपराओं की पहचान है। इस तरह के आयोजन नई पीढ़ी को अपनी लोक परंपराओं और पारंपरिक खान-पान से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में प्रोफेसर आशुतोष कुमार ने स्थानीय खाद्य पदार्थों के पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं, डॉ. गोविंद सिंह बोरा ने अपने गीतों के माध्यम से उत्तराखंड की लोक संस्कृति की सुंदर झलक प्रस्तुत की। प्रोफेसर बीपी ओली ने स्थानीय अनाज और पारंपरिक व्यंजनों की उपयोगिता बताते हुए कहा कि इनके संरक्षण और प्रचार-प्रसार से स्थानीय कृषि तथा स्वरोजगार को भी बढ़ावा मिल सकता है।

 

मुख्य वक्ता डॉ. मीनाक्षी ने विद्यार्थियों को पारंपरिक खाद्य पदार्थों के स्वास्थ्यवर्धक गुणों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली के बीच भी लोगों को पारंपरिक खान-पान के महत्व और उपयोगिता को समझना चाहिए। डॉ. स्वाति ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को अपनी जड़ों, लोक संस्कृति और पारिवारिक ज्ञान से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों का प्रदर्शन किया। मडुवे की रोटी, झंगोरे की खीर, गहत की दाल, भट्ट की दाल, आलू के गुटके सहित अनेक स्थानीय व्यंजन आकर्षण का केंद्र रहे। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर उत्तराखंड की पारंपरिक खान-पान संस्कृति की सुंदर झलक प्रस्तुत की। कार्यक्रम में सविता, कोमल, ध्यान सिंह बोरा और सरिता आर्या सहित अन्य विद्यार्थियों ने प्रमुख रूप से प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर मुख्य शास्ता प्रोफेसर खान, वरिष्ठ प्राध्यापक प्रोफेसर चौहान, डॉ. विजय डालाकोटी, डॉ. अविनाश, डॉ. पूनम, डॉ. चेतन, डॉ. दीपा, डॉ. ब्रह्मानंद, डॉ. विमल सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. निशा ने किया।

कार्यक्रम के सफल एवं कुशल आयोजन के लिए प्राचार्य डॉ. अनुपमा तिवारी ने गढ़ भोज कार्यक्रम की नोडल अधिकारी डॉ. किरन दानू को बधाई दी।

You may have missed

📤 यह खबर शेयर करें