रोडवेज कर्मचारी यूनियन का कार्य बहिष्कार, विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन

Advertisement

गूंज, चम्पावत। उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन के प्रांतीय महामंत्री अशोक चौधरी के आदेशानुसार शुक्रवार को टनकपुर मंडल में कर्मचारियों ने बहिष्कार किया। रोडवेज कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर आंदोलन शुरू किया है। यूनियन का कहना है कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करने और उनकी जायज मांगों को पूरा करने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।

आंदोलन के तहत कर्मचारियों ने समान कार्य के लिए समान वेतन, प्रत्येक माह की सात तारीख तक वेतन जारी करने, महंगाई भत्ते का भुगतान करने, हिमाचल प्रदेश की तर्ज पर राजकीय कोष से वेतन भुगतान करने और रोडवेज बस बेड़े को बढ़ाकर 500 करने की मांग उठाई।

यूनियन की प्रमुख मांग है कि कर्मचारियों को समान कार्य के लिए समान वेतन दिया जाए, ताकि लंबे समय से कार्यरत कर्मचारियों को उनकी सेवाओं के अनुरूप उचित वेतन मिल सके। इसके अलावा कर्मचारियों ने हर महीने निर्धारित समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की। उनका कहना है कि वेतन में देरी होने से कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। साथ ही लंबित महंगाई भत्ते का भुगतान करने और वेतन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए हिमाचल प्रदेश की तर्ज पर राजकीय कोष से वेतन भुगतान की व्यवस्था लागू करने की मांग भी उठाई गई।

यूनियन ने रोडवेज बसों की संख्या बढ़ाकर 500 किए जाने की मांग भी प्रमुखता से रखी। कर्मचारियों के अनुसार बस बेड़े में वृद्धि होने से परिवहन सेवाओं को मजबूत करने और यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिल सकती है।

कार्य बहिष्कार में टनकपुर डिपो से डिपो मंत्री प्रवीण जोशी, डिपो अध्यक्ष रवि शर्मा, क्षेत्रीय मंत्री नीरज सिंह, क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष शेर सिंह बिष्ट, भूपेश गहतोड़ी, सुरेंद्र सिंह और हरीश जोशी सहित अन्य कर्मचारी आंदोलन में शामिल रहे।

वहीं लोहाघाट डिपो से डिपो मंत्री संतोष कुमार के साथ गजेंद्र द्विवेदी, जगदीश सिंह कमल, अनुराग सिंह, जगदीश मिश्रा, ललित प्रसाद, धन गिरी, धीरज फर्त्याल, अमित चंद, दरबान राम, सुनील चंद, हरीश शर्मा, मुकेश महर सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

📤 यह खबर शेयर करें