
गूंज, चम्पावत। जनपद चम्पावत में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत SOG चम्पावत और टनकपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने 114 ग्राम अवैध हेरोइन (स्मैक) के साथ उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये है। आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन और 250 रुपये की नकदी भी बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘ड्रग्स फ्री उत्तराखंड’ अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक चम्पावत रेखा यादव के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 22 अक्टूबर 2026 को SOG चम्पावत और थाना टनकपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने टनकपुर रेलवे स्टेशन के निकट बिचई–मनिहारगोठ क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से 114 ग्राम अवैध हेरोइन (स्मैक) बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान इस्लाम अंसारी पुत्र अब्दुल अंसारी, निवासी एजाजनगर, सैटेलाइट के पास, थाना बारादरी, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 114 ग्राम स्मैक के अलावा OPPO कंपनी का एक मोबाइल फोन और 250 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे कथित तौर पर मीरगंज, बरेली निवासी दानिश अली और उसकी पत्नी निशि खान ने स्मैक टनकपुर में एक व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए दी थी। आरोपी ने यह भी बताया कि उक्त दंपति कुरियर सेवा का काम करता है और वह उनके कुरियर से संबंधित सामान को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाता है।
पुलिस अब मादक पदार्थों की आपूर्ति के संभावित नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर रही है। पूछताछ में जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उनकी संलिप्तता की पुष्टि विवेचना के दौरान की जाएगी।
कोतवाली टनकपुर में आरोपी के खिलाफ धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
इस कार्रवाई में पुलिस टीम में थाना टनकपुर के प्रभारी निरीक्षक चेतन रावत, SOG प्रभारी उपनिरीक्षक कमलेश भट्ट, उपनिरीक्षक कुशल नगरकोटी, हेड कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह, तपेंद्र जोशी और नासिर हुसैन तथा कांस्टेबल उमेश राज, कुलदीप सिंह और सूरज कुमार शामिल रहे।
More Stories
टनकपुर में अतिक्रमण के खिलाफ नगर पालिका की कार्रवाई, तीन वार्डों में काटे चालान
रोडवेज कर्मचारी यूनियन का कार्य बहिष्कार, विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन
नवयुवक रामलीला कमेटी के दशहरा महोत्सव के लकी ड्रॉ में राजेंद्र गड़कोटी ने जीती सुजुकी जिक्सर मोटरसाइकिल