
गूंज, चम्पावत। ठाकुर श्याम सिंह रावत जगत सिंह रावत राजकीय इंटर कॉलेज, टनकपुर में मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026 को टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत सोशल मीडिया कैंपेन का आयोजन किया गया। 2 यूके (आई) कंपनी एनसीसी, चंपावत के दिशा-निर्देशों के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। अभियान का उद्देश्य टीबी (क्षय रोग) के प्रति लोगों को जागरूक करना और इसके उन्मूलन के लिए जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान सीनियर डिवीजन के प्रभारी कैप्टन एलडी तिवारी ने कैडेट्स को टीबी रोग के कारणों, लक्षणों, रोकथाम और बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टीबी के प्रति जागरूकता, समय पर जांच और उचित उपचार के माध्यम से इस बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने कैडेट्स को लोगों तक सही जानकारी पहुंचाने और बीमारी से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने के लिए प्रेरित किया।
वहीं, जूनियर डिवीजन के प्रभारी फर्स्ट ऑफिसर एसएस राणा ने टीबी मुक्त भारत अभियान के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस अभियान की सफलता के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। सोशल मीडिया के माध्यम से टीबी से बचाव, जांच और उपचार संबंधी जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जा सकती है।
इस अवसर पर बटालियन से पहुंचे हवलदार करण सोराई ने टीबी मुक्त भारत अभियान में एनसीसी की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कैडेट्स को जागरूकता अभियान में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेट्स अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ जनहित के अभियानों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम के समापन पर कैप्टन एलडी तिवारी ने सभी कैडेट्स को अभियान का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कैडेट्स सोशल मीडिया के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी टीबी के प्रति जागरूक करें, ताकि समाज में इस बीमारी को लेकर जागरूकता बढ़े और टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को साकार करने में सहयोग मिल सके।
More Stories
सीएजी-आईसीएसएसआर शोध-आलेख प्रतियोगिता में टनकपुर की शिवांगी ने हासिल किया संयुक्त प्रथम स्थान, राजकीय महाविद्यालय टनकपुर की छात्रा को मिलेगा 62,500 रुपये का नकद पुरस्कार, उत्तराखंड के शहरी निकायों पर किया शोध
सैलानीगोठ में गुलदार की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत, अंधेरा होते ही घरों में कैद होने को मजबूर, नई बस्ती के मंदिर परिसर में रात करीब साढ़े आठ बजे दिखाई दिया गुलदार, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई हलचल
107.35 करोड़ रुपये से संवर रहा शारदा घाट, श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के लिए बेहतर होंगी सुविधाएं