
गूंज, उधम सिंह नगर। उधम सिंह नगर जनपद के रुद्रपुर में रविवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला त्रिशूल चौक के पास स्थित एक टावर पर चढ़ गई। महिला के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। वहीं, घटना की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में लोग भी घटनास्थल पर जमा हो गए।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ और रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा भी मौके पर पहुंचे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने टावर पर चढ़ी महिला से बातचीत कर उसे सुरक्षित नीचे उतरने की अपील की। करीब एक घंटे तक चले प्रयासों के बाद महिला नीचे उतरने के लिए राजी हो गई। इसके बाद पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टावर पर चढ़ी महिला की पहचान तारा देवी उर्फ रेखा के रूप में हुई है, जो दिनेशपुर थाना क्षेत्र की निवासी बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि महिला के बेटे पर 14 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप है। इस मामले में पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर दिनेशपुर थाने में महिला के बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
बताया जा रहा है कि बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने से नाराज महिला पीड़िता के परिजनों और पुलिस पर दबाव बनाने के उद्देश्य से टावर पर चढ़ गई। इस दौरान उसने हंगामा करते हुए आत्महत्या की धमकी भी दी। घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। वहीं, आत्महत्या की धमकी देने और आत्महत्या के प्रयास से संबंधित कार्रवाई को लेकर भी पुलिस स्तर पर विचार किया जा रहा है।
More Stories
सैलानीगोठ में गुलदार की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत, अंधेरा होते ही घरों में कैद होने को मजबूर, नई बस्ती के मंदिर परिसर में रात करीब साढ़े आठ बजे दिखाई दिया गुलदार, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई हलचल
107.35 करोड़ रुपये से संवर रहा शारदा घाट, श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के लिए बेहतर होंगी सुविधाएं
जिला स्तरीय अंडर – 19 क्रिकेट प्रतियोगिता का लोहाघाट बना विजेता, फाइनल मुकाबले में टनकपुर को दी शिकस्त