107.35 करोड़ रुपये से संवर रहा शारदा घाट, श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के लिए बेहतर होंगी सुविधाएं

Advertisement

गूंज, चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने रविवार को टनकपुर में निर्माणाधीन शारदा घाट पुनर्विकास परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से अब तक हुए कार्यों और आगामी योजनाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था एवं संबंधित ठेकेदार को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के लिए निर्माण स्थल पर आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त मशीनरी और संसाधन उपलब्ध कराए जाएं। इससे कार्यों की गति बढ़ाने के साथ ही उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जा सकेगा।

जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों के प्रत्येक चरण में निर्धारित मानकों का पालन करने और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कार्यदायी संस्था के सहायक अभियंता चंदन भारद्वाज से परियोजना की वर्तमान स्थिति और आगे किए जाने वाले कार्यों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

उल्लेखनीय है कि शारदा घाट पुनर्विकास परियोजना के प्रथम चरण की स्वीकृत लागत 107 करोड़ 35 लाख रुपये है। उत्तराखंड निवेश एवं आधारिक संरचना विकास बोर्ड (यूआईआईडीबी) की इस महत्वाकांक्षी परियोजना का निर्माण पीआईयू-3, यूपी डीसीसी लिमिटेड, देहरादून के माध्यम से कराया जा रहा है।

‘आदर्श चम्पावत’ की परिकल्पना के अनुरूप विकसित की जा रही यह परियोजना टनकपुर में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ ही जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी। शारदा रिवर फ्रंट के विकसित होने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन संबंधी पहचान को भी नई मजबूती मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर परियोजना निदेशक विम्मी जोशी, तहसीलदार पिंकी आर्या, अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल, सहायक अभियंता चंदन भारद्वाज सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

You may have missed

📤 यह खबर शेयर करें