मुख्यमंत्री धामी ने चम्पावत को दी 165.68 करोड़ की 54 विकास योजनाओं की सौगात, 21 योजनाओं का लोकार्पण और 33 का किया शिलान्यास, टनकपुर-बनबसा में जलभराव की समस्या के समाधान को खर्च होंगे 86.83 करोड़

Advertisement

गूंज, चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चम्पावत जनपद को 165.68 करोड़ रुपये की 54 विकास योजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने इनमें से 21 योजनाओं का लोकार्पण और 33 योजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन करने के साथ ही विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया और सरकारी योजनाओं के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने वाले पांच लाभार्थियों को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आदर्श चम्पावत का संकल्प केवल विकास योजनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि जनपद के उज्ज्वल भविष्य और आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास है। इन योजनाओं से सड़क, जल निकासी, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य और नागरिक सुविधाओं को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने टनकपुर और बनबसा में बरसात के दौरान होने वाली जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए 86.83 करोड़ रुपये की जल निकासी योजना को महत्वपूर्ण बताया। योजना के तहत टनकपुर में करीब 21 किलोमीटर से अधिक और बनबसा में 7.7 किलोमीटर लंबाई में नालियों एवं जल निकासी व्यवस्था का निर्माण और सुधार किया जाएगा। इससे दोनों नगर क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि टनकपुर में 237.74 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक अंतरराज्यीय बस अड्डे का निर्माण भी गतिमान है। वहीं, शारदा कॉरिडोर के तहत शारदा घाट के पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण के प्रथम चरण में 107.35 करोड़ रुपये की परियोजना पर कार्य चल रहा है। कॉरिडोर की समग्र परियोजना की लागत तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मां पूर्णागिरि धाम में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए करीब 45 करोड़ रुपये की लागत से रोपवे निर्माण का कार्य प्रगति पर है। ककरालीगेट से पूर्णागिरि धाम जाने वाले मुख्य मार्ग पर किरोड़ा नाले में पुल निर्माण के लिए 48.38 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा बनबसा में करीब 502 करोड़ रुपये की भारत सरकार की लैंड पोर्ट परियोजना से सीमांत क्षेत्र में व्यापार, आवागमन और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

मुख्यमंत्री ने पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं के विस्तार पर जोर देते हुए कहा कि लोहाघाट में 256.97 करोड़ रुपये की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है। इससे क्षेत्र की बेटियों को खेल प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा 55.53 करोड़ रुपये की लागत से विज्ञान केंद्र और करीब 20 करोड़ रुपये से 50 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ गांवों, सीमांत क्षेत्रों और दूरस्थ इलाकों तक पहुंचाना है। आदर्श चम्पावत की परिकल्पना आदर्श उत्तराखंड के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पांच लाभार्थियों को सम्मानित किया। इनमें ग्राम बस्टिया टनकपुर के त्रिलोक सिंह सामंत को प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना, ग्राम गुदमी बनबसा की लक्ष्मी देवी को महिला बकरी पालन योजना, ग्राम उचोलीगोठ की पूजा महर को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, ग्राम बिचई के रोहित चंद को कृषि कवच (चैनलिंक फेंसिंग) तथा ग्राम गुदमी के आनंद प्रसाद को स्वरोजगार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाकर उसे आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। लाभार्थियों की सफलता दूसरे लोगों के लिए भी प्रेरणादायक है।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी, किरण देवी, मनोज कालाकोटी, सुभाष बगौली, मुकेश महराना, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, नगर पालिका अध्यक्ष टनकपुर विपिन कुमार, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर जिलाधिकारी केएन गोस्वामी, उपजिलाधिकारी पूर्णागिरि प्रमोद कुमार सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

You may have missed

📤 यह खबर शेयर करें