
गूंज, नई दिल्ली। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड सहित पांच खाद्य कारोबारियों के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है। इन कंपनियों के खाद्य उत्पादों के नमूने जांच में असुरक्षित अथवा घटिया गुणवत्ता के पाए गए। इसके साथ ही खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता संबंधी गंभीर अनियमितताओं के चलते दो अन्य खाद्य व्यवसायों के लाइसेंस भी निलंबित कर दिए गए हैं।
बिसलेरी के पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर में अधिक मिला ब्रोमेट
FSSAI की कार्रवाई में सबसे प्रमुख मामला बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड से जुड़ा है। कंपनी के पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर के एक नमूने में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित मानकों से अधिक पाई गई। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत जांच में इसे असुरक्षित घोषित किया गया है। मामले में रेफरल फूड लेबोरेटरी की जांच रिपोर्ट में पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAH) की मौजूदगी का भी उल्लेख किया गया है। इसके आधार पर कंपनी के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दी गई है। इस मामले में कंपनी से प्रतिक्रिया लेने का प्रयास किया गया, लेकिन रिपोर्ट तैयार होने तक उसकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला था।
मिर्च और हल्दी पाउडर में भी मिलीं अनियमितताएं
बिसलेरी के अलावा वसंत मसाला प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। कंपनी के मिर्च पाउडर के नमूने में डिफेनोकोनाजोल नामक कीटनाशक की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पाई गई। वहीं, टिट-बिट फूड्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड के मिर्च पाउडर में कीटनाशक के अवशेष और हल्दी पाउडर में टिन की मात्रा तय मानकों से अधिक मिली। इन अनियमितताओं के चलते कंपनी के खिलाफ भी मुकदमा चलाने की मंजूरी दी गई है।
अखरोट और चॉकलेट कुकीज की गुणवत्ता पर भी सवाल
मीमांसा इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के अखरोट की गिरी के नमूने जांच में घटिया गुणवत्ता के साथ असुरक्षित पाए गए। इसके चलते कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है।इसी तरह आशा कन्फेक्शनरी की चॉकलेट से भरी कुकीज के नमूने भी जांच में मिसब्रांडेड, घटिया और असुरक्षित पाए गए। उत्पाद पर घोषित चीनी की मात्रा और जांच में मिली वास्तविक मात्रा के बीच अंतर सामने आया। इस मामले में भी अभियोजन की मंजूरी दी गई है।
दो खाद्य कारोबारियों के लाइसेंस निलंबित
FSSAI ने खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के नियमों का गंभीर उल्लंघन करने पर दो अन्य खाद्य कारोबारियों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए हैं। इनमें उर्मी लाइफसाइंसेज LLP और गौर आयुर्वेदिक स्टोर शामिल हैं। खराब स्वच्छता व्यवस्था और उत्पादों की रीपैकिंग से जुड़ी अनियमितताओं के कारण इनके लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं।
More Stories
सीएजी-आईसीएसएसआर शोध-आलेख प्रतियोगिता में टनकपुर की शिवांगी ने हासिल किया संयुक्त प्रथम स्थान, राजकीय महाविद्यालय टनकपुर की छात्रा को मिलेगा 62,500 रुपये का नकद पुरस्कार, उत्तराखंड के शहरी निकायों पर किया शोध
तो एक खिलाड़ी के रूप में खत्म हुआ धोनी का करियर, चेन्नई सुपर किंग्स ने की आधिकारिक घोषणा, नए अवतार में नजर आएंगे धोनी
राहत: सस्ता होगा कैंसर का इलाज, एंटी – कैंसर दवाइयों के दाम में भारी गिरावट, 9 नवंबर से लागू होगी नई कीमत