
गूंज, चम्पावत। टनकपुर पावर स्टेशन, बनबसा में दुर्गा पूजा आयोजन समिति की ओर से श्री दुर्गा पूजा महोत्सव एवं भव्य दशहरा मेले का हर्षोल्लास के साथ आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रावण, मेघनाथ और कुंभकर्ण के विशाल पुतलों का दहन किया गया। इस दौरान भव्य आतिशबाजी ने आसमान को रोशनी से जगमगा दिया। महोत्सव में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया और बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया।
महोत्सव का शुभारंभ पावर प्रोजेक्ट प्रमुख ऋषिरंजन आर्य ने अपनी धर्मपत्नी रीना आर्य के साथ, दर्जा मंत्री हेमा जोशी तथा मनोज कालाकोटी ने संयुक्त रूप से किया।

महोत्सव में फागपुर की रामलीला कमेटी के कलाकारों ने रामायण के विभिन्न पात्रों का सजीव चित्रण प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों की प्रभावशाली प्रस्तुति ने भगवान श्रीराम की मर्यादा, आदर्शों और अधर्म पर धर्म की विजय के संदेश को जीवंत कर दिया। वहीं, स्कूली कलाकारों ने भी अपनी शानदार प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण उस समय देखने को मिला, जब पावर स्टेशन प्रमुख ऋषिरंजन आर्य एक नए अंदाज में नजर आए। उन्होंने शानदार गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया। उनके गीत पर दर्शक झूमने लगे और पूरा आयोजन स्थल तालियों व उत्साह से गूंज उठा। इस प्रस्तुति ने महोत्सव की रौनक को और बढ़ा दिया।
आयोजन समिति की ओर से महोत्सव में पहुंचे विशिष्ट अतिथियों, मीडिया कर्मियों, रामलीला कलाकारों और स्कूली कलाकारों को सम्मानित किया गया। इसके बाद रावण, मेघनाथ और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया गया। भव्य आतिशबाजी के बीच आयोजित दशहरा मेले ने लोगों को उत्सव के रंग में सराबोर कर दिया। श्री दुर्गा पूजा महोत्सव ने धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया। आयोजन में उपस्थित लोगों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने वाला सराहनीय प्रयास बताया।
इस दौरान पावर स्टेशन प्रमुख ऋषिरंजन आर्य, प्रबंधक विद्युत कारपोरेट ऑफिस फरीदाबाद रीना आर्य, दर्जा मंत्री हेमा जोशी, मनोज कालाकोटी, चेयरमेन रेखा देवी, ग्राम प्रधान फागपुर गीता देवी, सीआईएएस कमाडेंट राजेश सिंह, एनएचपीसी से रत्नाकर पाण्डेय, जीएम विद्युत जावेद अंसारी, अखिलेश सिंह, आलोक पाठक, हरेंद्र प्रजापति, प्रवीन कुमार, व्यापार मंडल अध्यक्ष भरत भंडारी, महामंत्री अभिषेक गोयल, सुनीता मुरारी के अलावा तमाम विभागीय अधिकारी, कर्मचारी व स्थानीय लोग मौजूद रहे।
More Stories
उत्तराखण्ड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 10 आईएएस और 20 पीसीएस अधिकारियों के हुए तबादले
भैयादूज पर 11 नवंबर को अवकाश का आदेश फर्जी, सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई, उत्तराखंड शासन ने जारी किया स्पष्टीकरण
जिलाधिकारी ने एसडीएम टनकपुर के साथ किया प्रस्तावित सिडकुल स्थल का निरीक्षण, भूमि के सीमांकन, एप्रोच रोड एवं लेआउट प्लान पर हुआ विस्तृत विचार-विमर्श