उत्तराखंड में 1694 पदों पर निकली सीधी भर्ती, 25 नवंबर से शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन, पुलिस, पीएसी, फायरमैन, वन आरक्षी और जेल बंदीरक्षक समेत कई पदों पर होगी भर्ती, 25 दिसंबर तक कर सकेंगे आवेदन

Advertisement

गूंज, देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने विभिन्न विभागों में समूह ‘ग’ के अंतर्गत 1694 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए विज्ञापन जारी कर दिया है। आयोग की ओर से 17 नवंबर 2026 को जारी विज्ञापन संख्या 84/उ0अ0से0च0आ0/2026 के तहत पुलिस, पीएसी, फायरमैन, वन विभाग, कारागार प्रशासन, सचिवालय और आबकारी विभाग सहित विभिन्न विभागों में भर्ती की जाएगी।

आयोग के अनुसार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 25 नवंबर 2026 से शुरू होगी। आवेदन करने की अंतिम तिथि 25 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी 28 दिसंबर से 30 दिसंबर 2026 तक अपने ऑनलाइन आवेदन पत्र में संशोधन कर सकेंगे। भर्ती के लिए लिखित प्रतियोगी परीक्षा की संभावित तिथि 4 अप्रैल 2027 निर्धारित की गई है।

जारी विज्ञापन के अनुसार उत्तराखंड पुलिस विभाग में आरक्षी जनपदीय पुलिस (पुरुष) के 464, आरक्षी पीएसी/आईआरबी (पुरुष) के 284 तथा आरक्षी जनपदीय पुलिस (महिला) के 238 पद शामिल हैं। इसके अलावा फायरमैन (पुरुष एवं महिला) के 201, वन आरक्षी के 171, स्पेशल टाइगर गार्ड के 75, बंदीरक्षक के 117, महिला बंदीरक्षक के 27, सचिवालय रक्षक के 54 और आबकारी सिपाही के 45 पदों पर भर्ती प्रस्तावित है। विज्ञापन में परिवहन आरक्षी के 18 पद भी शामिल किए गए हैं।

आयोग ने अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन के दौरान अपना नाम और जन्मतिथि सत्यापित करने के लिए हाईस्कूल प्रमाणपत्र के साथ आधार कार्ड के दोनों तरफ की छायाप्रति अपलोड करना अनिवार्य किया है। इसके अतिरिक्त अभ्यर्थियों को अपने ऊर्ध्वाधर एवं क्षैतिज आरक्षण से संबंधित श्रेणी और उपश्रेणी के प्रमाणपत्र तथा पर्वतीय क्षेत्र का प्रमाणपत्र, जहां लागू हो, अपलोड करना होगा।

इच्छुक अभ्यर्थी उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.sssc.uk.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। सभी पदों के लिए वेतनमान 21,700 रुपये से 69,100 रुपये (लेवल-03) निर्धारित किया गया है।

You may have missed

📤 यह खबर शेयर करें