पानी का बिल भरने के लिए नहीं लगानी होगी लाइन, घर बैठे जमा हो सकेगा बिल, जानिए क्या है प्रक्रिया

Advertisement

गूंज, चम्पावत। प्रदेश सरकार द्वारा उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘उत्तरजल’ (Uttarajal) पोर्टल की शुरुआत की गई है, जिसके माध्यम से आम नागरिक घर बैठे अत्यंत सरलता से अपने पानी के बिल का ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं।  इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए अधिशासी अभियंता, जल संस्थान आर.पी. डोभाल ने बताया कि डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देने और उपभोक्ताओं को बिल जमा करने के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने से बचाने के उद्देश्य से https://uttarajal.uk.gov.in पोर्टल संचालित किया जा रहा है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे चार आसान चरणों का पालन कर अपने पानी के बिल का त्वरित भुगतान कर सकते हैं

बिल भुगतान के लिए इस प्रक्रिया को अपना सकते हैं।

1. आधिकारिक पोर्टल खोलें: सबसे पहले अपने मोबाइल या कंप्यूटर के ब्राउज़र में आधिकारिक वेबसाइट https://uttarajal.uk.gov.in खोलें।

2. विकल्प चुनें: पोर्टल के होम पेज पर उपलब्ध “Quick Bill Payment / बिल भुगतान” के विकल्प पर क्लिक करें।

3. विवरण भरें और जांचें: अपनी उपभोक्ता ID (Consumer ID) / WBS ID दर्ज करें और स्क्रीन पर दिख रहे बिल के विवरण एवं राशि को ध्यानपूर्वक जांच लें।

4. भुगतान पूरा करें: पोर्टल पर उपलब्ध विभिन्न ऑनलाइन भुगतान माध्यमों से अपना भुगतान पूरा करें और भविष्य के संदर्भ के लिए रसीद / ट्रांजैक्शन नंबर सुरक्षित रख लें।

इसके अतिरिक्त अधिशासी अभियंता डोभाल ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी उपभोक्ता को अपनी उपभोक्ता ID नहीं पता है, तो उन्हें घबराने की आवश्यकता नहीं है। वे पोर्टल पर ही उपलब्ध ‘Know Your Consumer ID / WBS ID’ विकल्प पर जाकर अपनी आईडी आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।

ऑनलाइन भुगतान करने से पहले अपना नाम, कनेक्शन विवरण और बिल की राशि का सही मिलान अवश्य कर लें।

यदि किसी तकनीकी कारण से भुगतान बीच में अटक जाता है, तो तुरंत दोबारा भुगतान करने से बचें और पहले अपने पिछले भुगतान का स्टेटस जांचें।

अधिशासी अभियंता ने समस्त सम्मानित उपभोक्ताओं से जल संरक्षण (“जल है तो कल है”) का संदेश देते हुए समय पर बिल भुगतान कर जल संस्थान की सेवाओं को सुदृढ़ बनाने में सहयोग करने की अपील की है।

You may have missed

📤 यह खबर शेयर करें