बहेड़ी में आयोजित हुई PDA की जन पंचायत, भारी बारिश के बीच उमड़ी भीड़, 2027 में सपा की सरकार बनाने का आह्वान

Advertisement Advertisement Advertisement Advertisement

गूंज, बहेड़ी। ब्लेसिंग गार्डन में समाजवादी पार्टी की ओर से PDA दलित जन पंचायत का आयोजन किया गया। भारी बारिश के बावजूद विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बूथों से बड़ी संख्या में दलित समाज के लोग पंचायत में पहुंचे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मिठाई लाल भारती रहे, जबकि अध्यक्षता प्रदेश महासचिव एवं विधायक अता उर रहमान ने की।

पंचायत को संबोधित करते हुए मिठाई लाल भारती ने भारतीय जनता पार्टी पर संविधान, आरक्षण और दलित हितों के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि समाज बाबा साहब को मानता है, लेकिन उनकी विचारधारा और संविधान की रक्षा के लिए एकजुट होकर काम करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में PDA वर्ग को एकजुट होकर समाजवादी पार्टी के पक्ष में मतदान करना चाहिए, ताकि संविधान और आरक्षण को बरकरार रखने वाली सरकार बनाई जा सके। उन्होंने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधायक एवं पूर्व मंत्री अता उर रहमान ने कहा कि जनता भाजपा सरकार से छुटकारा पाना चाहती है। उन्होंने महंगाई, भ्रष्टाचार और किसानों को खाद उपलब्ध न होने का मुद्दा उठाते हुए भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समाज को अलग-अलग रखने की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने इसकी तुलना अंग्रेजों की ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति से की।

रहमान ने ग्राम भिलइया में अंबेडकर पार्क में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा खंडित किए जाने और पार्क में लगी सोलर लाइट तोड़े जाने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि घटना से दलित समाज में रोष है। उन्होंने दावा किया कि प्रशासन द्वारा 72 घंटे में प्रतिमा पुनः स्थापित करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अभी तक प्रतिमा स्थापित नहीं की गई। उन्होंने बताया कि उन्होंने पार्क का दौरा कर सोलर लाइट दोबारा लगवाई है। साथ ही कहा कि यदि प्रशासन प्रतिमा स्थापित नहीं करता है तो समाजवादी पार्टी की ओर से प्रतिमा स्थापित कराने की व्यवस्था की जाएगी।

विशिष्ट अतिथि एवं जिला अध्यक्ष शुभलेश यादव ने पंचायत को सफल बताते हुए कहा कि इसमें बड़ी संख्या में दलित समाज के लोगों ने भाग लिया। उन्होंने दावा किया कि पंचायत में करीब 90 प्रतिशत भागीदारी दलित समाज की रही और कहा कि बहेड़ी में समाजवादी पार्टी मजबूत स्थिति में है।

पंचायत में महानगर अध्यक्ष शमीम खान सुल्तानी, अंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय महासचिव रणवीर सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुरेंद्र सोनकर, महिला सभा की जिला अध्यक्ष शांति सिंह, स्मिता यादव, पूर्व ब्लॉक प्रमुख हाजी वफा उर रहमान, जिला उपाध्यक्ष चौधरी विजेंद्र सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख धर्मपाल बेलदार, हरीश सागर, अरविंद सागर, नरेंद्र कोली, प्रमोद दिवाकर, राजेश सागर, रिशिपाल वाल्मीकि, राजेंद्र बेलदार, जय सिंह सागर, मनोज सागर, चौधरी अनिल पाल सिंह और चौधरी सुखबीर सिंह सहित अन्य नेताओं ने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन सपा के विधानसभा अध्यक्ष नासिर राजा खान ने किया।

You may have missed

📤 यह खबर शेयर करें