
गूंज, चम्पावत। भारतीय जन चेतना परिषद टनकपुर की ओर से मंगलवार को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं टाउन एरिया के पूर्व चेयरमैन स्वर्गीय चंदी प्रसाद की पुण्यतिथि पर प्रार्थना सभा एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त राजकीय अध्यापक पूरन लाल गंगवार ने स्वर्गीय चंदी प्रसाद के चित्र का अनावरण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष विपिन कुमार ने स्वर्गीय चंदी प्रसाद के जीवन और उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि नगर के विकास, शिक्षा के प्रचार-प्रसार और गरीब, मजदूर एवं वंचित वर्गों के उत्थान के लिए उनके द्वारा किए गए कार्य अविस्मरणीय हैं। उन्होंने टाउन एरिया एवं नॉन-नोटिफाइड एरिया के अध्यक्ष के रूप में नगरवासियों की सुविधाओं और विकास के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। प्राथमिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक जागरूकता फैलाने और लोगों को शिक्षा से जोड़ने में उनकी भूमिका उल्लेखनीय रही।
पालिकाध्यक्ष ने कहा कि स्वर्गीय चंदी प्रसाद ने हमेशा गरीब, मजदूर और शोषित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया। उनके कार्यों की गवाही आज भी नेहरू पार्क, महात्मा गांधी प्राथमिक विद्यालय, जल संस्थान परिसर, पुरानी पानी की टंकी, नगर के चौड़े फुटपाथ और शास्त्री पार्क जैसे विकास कार्य दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय जन चेतना परिषद की ओर से स्वर्गीय चंदी प्रसाद की स्मृति में प्रतिवर्ष इस दिन को जन चेतना दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसका उद्देश्य समाज में जागरूकता, आपसी भाईचारे और शिक्षा के महत्व का संदेश प्रसारित करना है। यह दिन उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज और जरूरतमंद लोगों की भलाई के लिए कार्य करने का संकल्प लेने का अवसर है।
कार्यक्रम में भगवत सरन पूर्व सभासद, विनोद प्रकाश एडवोकेट एवं संरक्षक पूर्णागिरी बार एसोसिएशन, नवल किशोर पूर्व कर्मचारी नेता, शिवकुमार प्रदेश उपाध्यक्ष लघु व्यापार एसोसिएशन और सुशील कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने स्वर्गीय चंदी प्रसाद के सामाजिक एवं विकास कार्यों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस दौरान लाल बहादुर, उमा शंकर गंगवार, दीनानाथ गंगवार, फिरोज अंसारी, राजेश कुमार, फरद अली, रमेश निषाद, मुकेश कश्यप, मुरली मनोहर, अजय कुमार, संजय सक्सेना, अनिल यादव, अनूप सिंह यादव, सरदार मनमोहन सिंह, केदार दत्त जोशी, सौरभ गुप्ता, विमला यादव, संगीता, सपना और जमुना महर सहित अन्य लोगों ने पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम का संचालन नारायण वाल्मीकि ने किया। अंत में उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से रामधुन गाकर स्वर्गीय चंदी प्रसाद को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर भारतीय जन चेतना परिषद के सदस्यों एवं पदाधिकारियों ने समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने और उनके बताए आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
More Stories
उत्तराखण्ड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 10 आईएएस और 20 पीसीएस अधिकारियों के हुए तबादले
पूर्णागिरि रोपवे निर्माण कार्य में अनियमितता की आशंका, 400 से 500 गाड़ी आरबीएम मलबा डालने और साल के पेड़ों के अवैध कटान की शिकायत, शिकायतकर्ता पंकज महर ने प्रभागीय वनाधिकारी चम्पावत को पत्र भेजकर उच्चस्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की उठाई मांग
प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी: उत्तराखंड में 20 से अधिक वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले जल्द