नसीम अहमद ने जनसंपर्क कर गन्ना भुगतान और बेरोजगारी का मुद्दा उठाया

Advertisement

गूंज, बहेड़ी। आजाद समाज पार्टी (काशीराम) के चुनावी जनसंपर्क अभियान के तहत पूर्व विधानसभा प्रत्याशी नसीम अहमद ने ग्राम उतरसिया, मोहलिया, उगनपुर और दहिया बोझ का दौरा कर ग्रामीणों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने किसानों के गन्ना भुगतान, बेरोजगारी, सरकारी नौकरियों में भागीदारी और क्षेत्र के विकास समेत कई मुद्दे उठाते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए।

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए नसीम अहमद ने कहा कि दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक वर्गों को उनके अधिकारों के अनुरूप भागीदारी नहीं मिल पा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बहेड़ी शहर और ग्रामीण क्षेत्र विकास की दौड़ में पीछे रह गए हैं। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को उनकी आबादी के अनुपात में सरकारी व्यवस्थाओं और निर्णय प्रक्रिया में उचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। नसीम अहमद ने केंद्र और राज्य सरकारों में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के रिक्त पदों को शीघ्र भरने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकारी भर्तियों में देरी के चलते बड़ी संख्या में शिक्षित युवा बेरोजगारी का सामना कर रहे हैं। सरकार की रोजगार नीति पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।

उन्होंने किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए गन्ना भुगतान के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का भुगतान समय पर मिलना चाहिए, ताकि उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

नसीम अहमद ने कहा कि बहेड़ी क्षेत्र के विकास, युवाओं को रोजगार और वंचित वर्गों को उनका अधिकार दिलाने जैसे मुद्दों पर गंभीरता से काम किए जाने की जरूरत है। उन्होंने ग्रामीणों से जनहित के मुद्दों पर जागरूक रहने और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने की अपील की।

You may have missed

📤 यह खबर शेयर करें