
गूंज, चम्पावत। मां पूर्णागिरि टैक्सी एसोसिएशन ने वर्ष 2025 के पूर्णागिरि मेले के दौरान ठुलीगाड़ से भैरव मंदिर मार्ग पर संचालित टैक्सी वाहनों से हुई वसूली के मामले में जिला पंचायत पर गंभीर सवाल उठाए हैं। एसोसिएशन के अध्यक्ष मदन कुमार ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर मामले की जांच कराने और दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पत्र में आरोप लगाया गया है कि वर्ष 2025 के पूर्णागिरि मेले के दौरान जिला पंचायत चम्पावत की ओर से ठेकेदार के माध्यम से टैक्सी वाहनों से 54 दिनों तक प्रतिदिन प्रति वाहन 1000 रुपये के हिसाब से शुल्क वसूला गया। पत्र के अनुसार, इस दौरान वाहनों से करीब 40 लाख रुपये की वसूली हुई, जबकि जिला पंचायत में करीब 20 लाख रुपये ही जमा कराए गए।
एसोसिएशन अध्यक्ष का आरोप है कि शेष करीब 20 लाख रुपये का कोई स्पष्ट हिसाब उपलब्ध नहीं कराया गया है। उन्होंने आशंका जताई कि ठेकेदार और जिला पंचायत के बीच उक्त धनराशि का बंटवारा किया गया हो सकता है। हालांकि, यह आरोप पत्र में लगाए गए हैं, “गूंज” इन आरोपों की पुष्टि नहीं करता है।
मदन कुमार ने पत्र में कहा कि इस संबंध में पूर्व में भी जिलाधिकारी और जिला पंचायत को लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन अब तक मामले का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने मांग की है कि प्रकरण को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए पूरे मामले की जांच कराई जाए और यदि अनियमितता प्रमाणित होती है तो जिम्मेदार अधिकारियों, कर्मचारियों और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए।
More Stories
पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज मूलाकोट को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक वीडियो का प्रधानाचार्य ने किया खंडन, विद्यालय में शौचालयों का नियमित उपयोग एवं साफ-सफाई, अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने भी की वास्तविक स्थिति की पुष्टि
छात्रसंघ नामांकन के बीच राजकीय महाविद्यालय बनबसा में मनाया एनएसएस दिवस
बाजपुर में कथित फर्जी प्रमाण पत्र प्रकरण में बड़ी कार्रवाई, एक चेयरमैन सहित पांच संदिग्ध हिरासत में