परिवहन निगम की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर प्रधानमंत्री के नाम भेजा ज्ञापन

Advertisement Advertisement Advertisement Advertisement

गूंज, देहरादून। उत्तरांचल परिवहन मजदूर संघ ने सोमवार को उत्तराखंड परिवहन निगम की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन परिवहन निगम मुख्यालय में महाप्रबंधक के माध्यम से भेजा गया। इसमें निगम को मजबूत करने के साथ कर्मचारियों की लंबित समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई।

संघ ने आगामी अर्धकुंभ को देखते हुए केंद्र और राज्य सरकार से परिवहन निगम के लिए 600 नई बसें खरीदकर उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाली इलेक्ट्रिक बसों का संचालन भी परिवहन निगम के माध्यम से कराने की मांग उठाई गई। संघ ने इलेक्ट्रिक बसों को निजी संचालकों को दिए जाने पर रोक लगाने की मांग भी की।

ज्ञापन में संविदा, विशेष श्रेणी और अन्य कर्मचारियों को नियमित करने, दो-तीन माह से लंबित वेतन का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने तथा विभिन्न राज्यों में कर्मचारियों की पेंशन और अन्य देयकों का समय पर भुगतान कराने की मांग की गई।

संघ ने पुरानी पेंशन योजना से वंचित कर्मचारियों के लिए न्यूनतम 7,500 रुपये प्रतिमाह ईपीएस पेंशन दिए जाने की मांग भी रखी। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि परिवहन निगम को मजबूत करने और कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान होने से सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकेगा।

You may have missed

📤 यह खबर शेयर करें