
गूंज, नई दिल्ली। सरकार की तरफ से ट्रेड मार्जिन की सीमा तय किए जाने के बाद, अलग-अलग ब्रांड्स की 137 एंटी-कैंसर दवाओं की कीमतों में भारी कमी आएगी। बताया जा रहा है कि नई कीमतें 9 नवंबर से लागू होंगीं यह फैसला स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (DGHS) के तहत गठित एक विशेषज्ञ समिति द्वारा 17 अक्टूबर को दी गई सिफारिशों के आधार पर लिया गया है।
रसायन और उर्वरक मंत्रालय की एक आधिकारिक विज्ञप्ति में पुष्टि की गई कि राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण ने कैंसर से जुड़ी इन 137 दवाओं पर ट्रेड मार्जिन की सीमा लागू कर दी है। अब तक, 76 दवा कंपनियों ने 121 दवाओं के 1,225 फॉर्मूलेशन के लिए नए अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) जमा किए हैं। विज्ञप्ति के अनुसार, इनमें से 1,031 फॉर्मूलेशन की कीमतों में कमी आई है। 600 ब्रांडों की कीमतों में 50 प्रतिशत से अधिक की कटौती हुई है, और सबसे बड़ी कमी 96.45 प्रतिशत तक देखी गई है।
वहीं लगभग 10-15 ऐसी दवाएं जो अभी तक भारत में लॉन्च नहीं हुई हैं। वे भी बाजार में आते ही ‘ट्रेड मार्जिन रैशनलाइजेशन’ (TMR) के दायरे में आ जाएंगी। कीमतों पर सीमा तय होने से कैंसर के कई महत्वपूर्ण इलाज काफी सस्ते हो गए हैं। नए निर्देशों के तहत रिटेलर्स, डीलर्स और अस्पतालों को अपनी जगह और वेबसाइटों पर नई कीमतों की लिस्ट प्रमुखता से दिखानी होगी। स्टेट ड्रग कंट्रोलर्स को यह सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है कि इन नियमों का पालन हो रहा है या नहीं। साथ ही, उपभोक्ता NPPA पोर्टल या ‘फार्मा सही दाम’ (Pharma Sahi Daam) ऐप के जरिए नई कीमतों की जानकारी ले सकते हैं और नियमों के उल्लंघन की शिकायत तय हेल्पलाइन नंबरों पर कर सकते हैं।
More Stories
दीपावली से पहले केंद्र सरकार का अग्निवीरों को बड़ा तोहफ़ा, 75% अग्निवीरों को 2 साल का सेवा विस्तार
दुष्यंत गौतम को राज्यपाल बनाए जाने के विरोध में धरने पर बैठे अंकिता भंडारी के माता – पिता, राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा ने की मुलाकात
दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर का 75 वर्ष की उम्र में निधन