डाइट लोहाघाट में तीन दिवसीय ‘कौशलम’ कार्यक्रम संपन्न, विद्यार्थियों ने सीखे उद्यमशीलता और 21वीं सदी के कौशल

Advertisement Advertisement Advertisement Advertisement

गूंज, चम्पावत। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) लोहाघाट में कक्षा 11 के विद्यार्थियों के लिए आयोजित तीन दिवसीय ‘कौशलम’ कार्यक्रम का बुधवार, 26 अगस्त को विधिवत समापन हुआ। 24 से 26 अगस्त तक आयोजित प्रशिक्षण कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों में उद्यमशील मानसिकता विकसित करने के साथ ही 21वीं सदी के आवश्यक कौशलों को बढ़ावा देना रहा।

कार्यशाला का शुभारंभ 24 अगस्त को डाइट प्राचार्य दिनेश खेतवाल और कार्यक्रम संयोजक डॉ. कमल गहतोड़ी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा और उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्कूली स्तर से ही विद्यार्थियों में नवाचार, समस्या समाधान की क्षमता और व्यावसायिक दृष्टिकोण विकसित किया जाना आवश्यक है, ताकि वे भविष्य में आत्मनिर्भर बनने के साथ नए अवसरों का सृजन कर सकें।

कार्यक्रम में जनपद के 54 विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण को प्रभावी बनाने के लिए प्रतिभागियों को नौ समूहों में विभाजित किया गया। संदर्भदाता नीरज जोशी, खीम सिंह बोरा, निधिराज और अरिमर्दन सिंह ने विभिन्न सत्रों में विद्यार्थियों को क्रिटिकल थिंकिंग, टीम वर्क, संवाद कौशल तथा नए विचारों को व्यावहारिक रूप देने की तकनीकों की जानकारी दी। उद्यम लर्निंग फाउंडेशन की नैना ने भी आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

समापन समारोह में उद्योग विभाग की महाप्रबंधक सुमेधा पंत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नए विचारों और नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों में प्रतिभा और नए विचारों की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित मंच और मार्गदर्शन देने की है। उन्होंने आश्वासन दिया कि विद्यार्थियों द्वारा विकसित किए जाने वाले उत्कृष्ट एवं उपयोगी उत्पादों को उद्योग विभाग की ओर से हरसंभव सहयोग और मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में सभी संदर्भदाताओं, आयोजकों तथा जनपद के 54 विद्यालयों से आए प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ उद्यमशील सोच, नवाचार और व्यावहारिक कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

You may have missed

📤 यह खबर शेयर करें