
गूंज, चंपावत। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी संगठनात्मक तैयारियों को तेज कर दिया है। पार्टी ने प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर विधानसभा प्रभारियों की नियुक्ति कर चुनावी रणनीति को जमीन पर उतारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की सहमति के बाद सोमवार, 12 अक्टूबर को प्रभारियों की सूची जारी की गई।
इस नियुक्ति प्रक्रिया में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की चम्पावत विधानसभा सीट की जिम्मेदारी दर्जा राज्य मंत्री सुभाष बगौली को सौंपी गई है। बगौली को यह जिम्मेदारी मिलने के बाद चम्पावत विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी चुनाव की तैयारियों को गति देने की अपेक्षा की जा रही है।
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के निर्देश पर सभी विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। उन्होंने बताया कि नियुक्त किए गए सभी प्रभारी पार्टी के सक्रिय एवं संगठन के प्रति समर्पित कार्यकर्ता हैं। इन्हें अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों को अधिक सक्रिय बनाने, बूथ स्तर तक पार्टी की पहुंच मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की जिम्मेदारी दी है।
मुख्यमंत्री की विधानसभा पर विशेष नजर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की चम्पावत विधानसभा सीट प्रदेश की महत्वपूर्ण सीटों में शामिल है। ऐसे में इस विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी दर्जा राज्य मंत्री सुभाष बगौली को सौंपे जाने को संगठनात्मक दृष्टि से अहम माना जा रहा है। उनके सामने क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाने, संगठन की गतिविधियों को गति देने और आगामी चुनाव के लिए पार्टी की तैयारियों को मजबूत करने की जिम्मेदारी होगी।
More Stories
सीएजी-आईसीएसएसआर शोध-आलेख प्रतियोगिता में टनकपुर की शिवांगी ने हासिल किया संयुक्त प्रथम स्थान, राजकीय महाविद्यालय टनकपुर की छात्रा को मिलेगा 62,500 रुपये का नकद पुरस्कार, उत्तराखंड के शहरी निकायों पर किया शोध
त्रिशूल चौक के पास टावर पर चढ़ी महिला का हाई वोल्टेज ड्रामा, बेटे पर मुकदमा दर्ज होने के बाद टावर पर चढ़ी थी महिला, जानिए क्या है पूरा मामला
सैलानीगोठ में गुलदार की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत, अंधेरा होते ही घरों में कैद होने को मजबूर, नई बस्ती के मंदिर परिसर में रात करीब साढ़े आठ बजे दिखाई दिया गुलदार, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई हलचल