टनकपुर में 908 ग्राम चरस के साथ अलीगढ़ का आरोपी गिरफ्तार, कथित सप्लायर पर भी मुकदमा

Advertisement

गूंज, चम्पावत। चम्पावत जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसओजी की टीम ने किरोड़ा नाले की ओर जाने वाली सड़क पर चेकिंग के दौरान 908 ग्राम चरस के साथ उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पूछताछ में सामने आए कथित सप्लायर के विरुद्ध भी मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ड्रग्स फ्री उत्तराखंड अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 26 अक्टूबर को क्षेत्राधिकारी देवेंद्र सिंह कप्रवाण के पर्यवेक्षण में एसओजी चम्पावत की टीम किरोड़ा नाले की ओर जाने वाली सड़क पर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से 908 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शमसुद्दीन पुत्र होशियार खान, निवासी नूर नगर, भुजपुरा, थाना कोतवाली नगर, जनपद अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने चम्पावत जिले के देवीधुरा क्षेत्र के ग्राम मेतड़ा निवासी जमन सिंह से 45 हजार रुपये में चरस खरीदने की बात बताई। आरोपी के अनुसार, वह 25 अक्टूबर को चरस लेने आया था और रात में जमन सिंह के घर रुका था। इसके बाद 26 अक्टूबर को चरस लेकर अलीगढ़ लौट रहा था।

पुलिस ने आरोपी शमसुद्दीन और कथित सप्लायर जमन सिंह के विरुद्ध कोतवाली टनकपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/27ए/29 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक कमलेश भट्ट, हेड कांस्टेबल मोहम्मद नासिर, तपेंद्र जोशी, महेंद्र डंगवाल (सर्विलांस), कांस्टेबल ललित चौधरी, कुलदीप सिंह, सूरज कुमार, संजय कुमार और राजकुमार शामिल रहे।

You may have missed

📤 यह खबर शेयर करें