
गूंज, चम्पावत। नगर में सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण कर यातायात व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ नगर पालिका परिषद टनकपुर ने अभियान चलाकर कार्रवाई की। शुक्रवार को नगर पालिका की टीम ने वार्ड नंबर 2, 5 और 8 में निरीक्षण करते हुए नियमों और निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने वाले खोखा-फड़ संचालकों एवं व्यवसायियों के चालान काटे।
अभियान के दौरान नगर पालिका की टीम ने फुटपाथ पर फड़ और ठेले लगाने वाले व्यवसायियों को निर्देश दिए कि वे फुटपाथ पर बनाई गई लाल पट्टी के पीछे ही अपना कारोबार संचालित करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क पर अतिक्रमण होने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में सभी व्यवसायी निर्धारित सीमा के भीतर ही अपना सामान और दुकानें लगाएं, ताकि सड़क पर वाहनों की आवाजाही सुचारु रूप से संचालित हो सके।
नगर पालिका की टीम ने व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश भी दिए। उन्हें कूड़ा सड़क या फुटपाथ पर नहीं फैलाने तथा निर्धारित स्थान पर ही कूड़ा डालने के लिए कहा गया। अधिकारियों ने कहा कि नगर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने में व्यापारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी व्यवसायियों को नियमों का पालन करते हुए नगर की स्वच्छता और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करना चाहिए।
नगर पालिका परिषद टनकपुर की ओर से चलाए गए इस अभियान में बसन्त राज चन्द, अनुराधा यादव, प्रिया बिष्ट, प्रमोद प्रकाश, शकुन, प्रकाश नेगी, राम रतन, विशाल बाबू सहित नगर पालिका के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
More Stories
नशे के विरुद्ध पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, टनकपुर में 114 ग्राम स्मैक के साथ बरेली का तस्कर गिरफ्तार
रोडवेज कर्मचारी यूनियन का कार्य बहिष्कार, विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन
नवयुवक रामलीला कमेटी के दशहरा महोत्सव के लकी ड्रॉ में राजेंद्र गड़कोटी ने जीती सुजुकी जिक्सर मोटरसाइकिल