
गूंज, चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में चम्पावत जिले में 17 सितम्बर से 18 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान के तहत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ (सेवा सेतु) कार्यक्रम के अंतर्गत जिले की विभिन्न न्याय पंचायतों में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में एक ही स्थान पर 23 विभागों की सेवाएं और योजनाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि सेवा संकल्प माह के तहत ‘जन-जन की सरकार’ कार्यक्रम को पुनः शुरू किया जा रहा है। इसका उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले उन नागरिकों तक सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, जो दूरी या अन्य कारणों से सरकारी कार्यालयों तक नहीं पहुंच पाते हैं। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान करेंगे।
जिलाधिकारी के अनुसार तृतीय चरण में जिले के 10 स्थानों पर बहुउद्देशीय कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में राजस्व, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, कृषि, समाज कल्याण, सैनिक कल्याण, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, गृह, श्रम, स्वास्थ्य, आयुष, पशुपालन/मत्स्य, ऊर्जा, सहकारिता, लोनिवि, शिक्षा, पेयजल, सिंचाई, वन, कौशल विकास, आपदा प्रबंधन तथा बैंकिंग/वित्तीय संस्थानों समेत कुल 23 विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे।
इन तिथियों पर लगेंगे बहुउद्देशीय शिविर
– 22 सितम्बर: राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, टनकपुर, विकासखंड चम्पावत, न्याय पंचायत मोहनपुर।
– 24 सितम्बर: राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सिंगदा, विकासखंड बाराकोट, न्याय पंचायत सिगदा।
– 26 सितम्बर: राजकीय प्राथमिक विद्यालय, पिपलाटी, विकासखंड पाटी, न्याय पंचायत कमलेख।
– 29 सितम्बर: राजकीय इंटर कॉलेज, पुल्ला, विकासखंड लोहाघाट, न्याय पंचायत डुमडाई।
– 1 अक्टूबर: रामलीला प्रांगण, धूरा, विकासखंड चम्पावत, न्याय पंचायत बमनजौल।
– 6 अक्टूबर: राजकीय इंटर कॉलेज, सल्ली, विकासखंड चम्पावत, न्याय पंचायत दुबडजैनल।
– 8 अक्टूबर: राजकीय प्राथमिक विद्यालय, नीड़ तल्ली, विकासखंड चम्पावत, न्याय पंचायत दुबडजैनल।
– 13 अक्टूबर: राजकीय इंटर कॉलेज, दुबचौड़ा, विकासखंड चम्पावत, न्याय पंचायत सिप्टी।
– 15 अक्टूबर: स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अमोड़ी, विकासखंड चम्पावत, न्याय पंचायत स्वाला।
– 17 अक्टूबर: राजकीय इंटर कॉलेज, दसलेख मडुवा, विकासखंड लोहाघाट, न्याय पंचायत रौसाल।
मौके पर मिलेगा योजनाओं का लाभ
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिविरों में पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। अधिकारियों द्वारा जनता की शिकायतें, सुझाव और अपेक्षाएं दर्ज करने के साथ ही योजनाओं के धरातलीय क्रियान्वयन की भी समीक्षा की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि शिविर समाप्त होने के बाद संबंधित अधिकारी निकटवर्ती गांवों का भ्रमण कर शत-प्रतिशत पात्र लोगों के आवेदन पत्र भरवाना सुनिश्चित करें। प्राप्त शिकायतों की सूची तैयार कर उनका प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जाएगा।
More Stories
परिवहन निगम की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर प्रधानमंत्री के नाम भेजा ज्ञापन
टनकपुर में 30 सितंबर से 21 अक्टूबर तक आयोजित होगा भव्य दशहरा महोत्सव
समय रहते कराना होगा जन्म और मृत्यु का पंजीकरण, वरना उठानी पड़ेगी दिक्कत, 1 अक्टूबर से बदलेंगे पंजीकरण के नियम