
गूंज, चम्पावत। युवा कांग्रेस जनपद चम्पावत में नए पदाधिकारियों की सूची जारी होने के अगले ही दिन जिला उपाध्यक्ष सूरज मिश्रा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष को भेजा है।
सूरज मिश्रा ने त्यागपत्र में कहा है कि वह व्यक्तिगत कारणों के चलते जिला उपाध्यक्ष के पद का दायित्व आगे निर्वहन करने में असमर्थ हैं। उन्होंने स्वेच्छा से पद से त्यागपत्र देने की बात कहते हुए जिलाध्यक्ष से इसे स्वीकार करने तथा उन्हें दायित्वों से मुक्त करने का अनुरोध किया है। उन्होंने संगठन में कार्य करने का अवसर प्रदान करने के लिए युवा कांग्रेस नेतृत्व एवं समस्त संगठन का आभार भी व्यक्त किया है।
गौरतलब है कि 16 सितंबर को युवा कांग्रेस के नए पदाधिकारियों की सूची जारी हुई थी। जिसमें जिला उपाध्यक्ष, महासचिव और सचिव पद पर कुछ नई नियुक्तियां हुई थी। सूची जारी होने के बाद संगठन के कुछ पदों पर हुई नई नियुक्तियों को लेकर कार्यकर्ताओं में नाराजगी की चर्चा भी सामने आ रही है। इसी बीच जिला उपाध्यक्ष सूरज मिश्रा के इस्तीफे से संगठन के भीतर चल रही गतिविधियां चर्चा में आ गई हैं। हालांकि, सूरज मिश्रा ने अपने त्यागपत्र में इस्तीफे का कारण व्यक्तिगत बताया है।
सूरज मिश्रा से बात करने पर उन्होंने कहा कि वो लम्बे समय से कांग्रेस से जुड़े रहे हैं और विभिन्न पदो पर रहकर लगातार पार्टी की सेवा की है। उन्होंने कहा कि उन्होंने केवल पद से त्यागपत्र दिया है और कांग्रेस कार्यकर्ता के रूप में कार्य करते रहेंगे।
More Stories
परिवहन निगम की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर प्रधानमंत्री के नाम भेजा ज्ञापन
टनकपुर में 30 सितंबर से 21 अक्टूबर तक आयोजित होगा भव्य दशहरा महोत्सव
समय रहते कराना होगा जन्म और मृत्यु का पंजीकरण, वरना उठानी पड़ेगी दिक्कत, 1 अक्टूबर से बदलेंगे पंजीकरण के नियम