
गूंज, चम्पावत। हिमवत्स संस्था उड़ई-कुलेठी, चम्पावत के सौजन्य से बुधवार को सृजन ‘ए ब्राइट बिगनिंग’ विद्यालय में निःशुल्क चिकित्सा एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का संचालन सेवानिवृत्त मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. गोविन्द बल्लभ बिष्ट के दिशा-निर्देशन एवं देखरेख में किया गया।
शिविर में सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ ‘Healthy Eyes, Bright Future’ अभियान के तहत विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अभिभावकों का नेत्र परीक्षण भी किया गया। हिमवत्स संस्था की ओर से प्रकाश पुनेठा एवं पंकज बोहरा ने शिविर के आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
विद्यालय की ओर से कार्यालय प्रमुख राजेन्द्र सिंह सामन्त ने शिविर के सुचारू संचालन में सक्रिय सहयोग किया। वहीं, छात्रों के स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान संबंधित कक्षाओं के अध्यापक सुशीला गोस्वामी, दीक्षा जोशी, सोनी बिष्ट, शिवि कौशिक, ललिता जोशी, ममता महर, ख्याति त्रिपाठी एवं कविता जोशी ने अपनी-अपनी कक्षाओं के बच्चों को परीक्षण के लिए उपलब्ध कराया।
अभिभावकों के स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण में कमला महर, पूजा पाण्डेय, सरिता एवं पूजा ने सहयोग किया। शिविर में विद्यालय के करीब 100 बच्चों सहित शिक्षकों एवं अभिभावकों को मिलाकर लगभग 135 लोगों का स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण किया गया।
विद्यालय के प्रबंधक डॉ. भुवन चन्द्र जोशी एवं प्रधानाचार्य श्रीमती सविता पाण्डेय ने शिविर के सफल आयोजन के लिए डॉ. गोविन्द बल्लभ बिष्ट एवं हिमवत्स संस्था का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर बच्चों, शिक्षकों एवं अभिभावकों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
More Stories
परिवहन निगम की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर प्रधानमंत्री के नाम भेजा ज्ञापन
टनकपुर में 30 सितंबर से 21 अक्टूबर तक आयोजित होगा भव्य दशहरा महोत्सव
27 सितंबर से शुरू होगा पितृ पक्ष, 10 अक्टूबर को पितृ विसर्जन, पं दीपक चंद्र पाटनी ने दी जानकारी