
गूंज, उधम सिंह नगर। वीर चंद्र सिंह गढ़वाल विश्वविद्यालय, भरसार की छात्रा एवं पंतनगर हॉस्पिटल कॉलोनी निवासी रामनिवास यादव की पुत्री कु. मधु यादव की उपचार के दौरान हुई मृत्यु के मामले में विधायक तिलक राज बेहड़ ने उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की है। विधायक ने विगत दिवस देहरादून में उत्तराखंड के मुख्य सचिव को पत्र सौंपकर मामले की विस्तृत जांच कराने का अनुरोध किया।
विधायक बेहड़ के अनुसार, मधु यादव की माता सुनीता यादव ने उन्हें दिए शिकायती पत्र में उपचार के दौरान गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। शिकायत के मुताबिक 27 अगस्त की रात मधु की तबीयत खराब हुई थी। 29 अगस्त को वह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पावौ पहुंचीं, जहां फिजिशियन के उपस्थित न होने पर अन्य चिकित्सक द्वारा दवा दी गई। इसके बाद उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई और उन्हें उल्टियां होने लगीं।
परिजनों के अनुसार, 29 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे मधु को जिला चिकित्सालय पौड़ी रेफर किया गया। शिकायत में आरोप है कि सांस लेने में परेशानी के बावजूद वहां ऑक्सीजन सहित समुचित उपचार उपलब्ध नहीं कराया गया, जिसके बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज श्रीनगर रेफर किया गया।
बताया गया कि 30 अगस्त की सुबह करीब 6 बजे मधु श्रीनगर मेडिकल कॉलेज पहुंचीं। शिकायत के अनुसार, वहां भी उन्हें तत्काल उपचार एवं ऑक्सीजन की सुविधा नहीं मिल सकी। हालत गंभीर होने पर करीब 11 बजे उन्हें एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
विधायक बेहड़ ने मुख्य सचिव से मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराकर उपचार में कथित लापरवाही के लिए जिम्मेदार चिकित्सकों, चिकित्सा स्टाफ, विश्वविद्यालय प्रशासन तथा संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने का अनुरोध किया।
इसके अलावा विधायक ने छात्रावास में छात्राओं को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता तथा स्वास्थ्य सुविधाओं की भी जांच कराने की मांग की है।
बेहड़ ने कहा कि एक होनहार छात्रा की इस तरह हुई मृत्यु अत्यंत दुखद है। परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच आवश्यक है, ताकि वास्तविक तथ्य सामने आ सकें और यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
More Stories
उत्तराखण्ड के सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए मुख्यमंत्री धामी का बड़ा ऐलान, डीबीटी के माध्यम से मिलेगी टैबलेट खरीदने की राशि
किच्छा में कांग्रेस का जोरदार जनसंपर्क, विधायक बेहड़ ने सायंकालीन जनसभाओं में भरी विकास की हुंकार, राजेश प्रताप सिंह के पक्ष में मतदान की करी अपील
नगरपालिका चुनाव के लिए जारी है किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ का जनसंपर्क, वार्ड 19 में घर – घर जाकर मांगे कांग्रेस प्रत्याशी के लिए वोट