
गूंज, चम्पावत। राजकीय महाविद्यालय पाटी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पूर्व छात्र परिषद का गठन किया गया। महाविद्यालय के पूर्व छात्रों को संस्थान से जोड़ने तथा शैक्षणिक, सांस्कृतिक, सामाजिक एवं विकासात्मक गतिविधियों में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल बताया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. राकेश कुमार पांडे के मार्गदर्शन एवं पूर्व छात्र संघ के नोडल अधिकारी डॉ. धर्मवीर सिंह के समन्वय में संघ के पदाधिकारियों का चयन किया गया। नवगठित कार्यकारिणी में दीपक बिष्ट को अध्यक्ष, हिमानी को उपाध्यक्ष, कमल गहतोड़ी को महासचिव, पृथ्वी महरा को सचिव तथा अंजू को कोषाध्यक्ष चुना गया।
इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. डॉ. राकेश कुमार पांडे ने कहा कि पूर्व छात्र किसी भी शिक्षण संस्थान की महत्वपूर्ण परिसंपत्ति होते हैं। उनके अनुभव, उपलब्धियों और विशेषज्ञता का लाभ वर्तमान विद्यार्थियों को मिल सकता है। उन्होंने नवगठित संघ से महाविद्यालय और पूर्व छात्रों के बीच मजबूत संबंध स्थापित करने की अपेक्षा व्यक्त की।
नोडल अधिकारी डॉ. धर्मवीर सिंह ने बताया कि संघ के माध्यम से पूर्व छात्रों का व्यवस्थित डाटा तैयार करने, उन्हें महाविद्यालय की गतिविधियों से जोड़ने तथा विद्यार्थियों को कैरियर मार्गदर्शन, रोजगारपरक जानकारी, विशेष व्याख्यान, उच्च शिक्षा मार्गदर्शन एवं पुरातन छात्र मिलन कार्यक्रम उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पूर्व छात्रों की उपलब्धियों और अनुभवों को वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा एवं मार्गदर्शन के रूप में उपयोग किया जाएगा। साथ ही महाविद्यालय के विकास में पूर्व छात्रों की रचनात्मक सहभागिता को प्रोत्साहित किया जाएगा।
महाविद्यालय प्रशासन ने नवगठित संघ के सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि पूर्व छात्र संघ महाविद्यालय के विकास और विद्यार्थियों के हित में एक महत्वपूर्ण सेतु के रूप में कार्य करेगा।
More Stories
परिवहन निगम की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर प्रधानमंत्री के नाम भेजा ज्ञापन
टनकपुर में 30 सितंबर से 21 अक्टूबर तक आयोजित होगा भव्य दशहरा महोत्सव
27 सितंबर से शुरू होगा पितृ पक्ष, 10 अक्टूबर को पितृ विसर्जन, पं दीपक चंद्र पाटनी ने दी जानकारी