राधे हरि राजकीय महाविद्यालय, काशीपुर में शोध पद्धति पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित

Advertisement

गूंज, उधम सिंह नगर। राधे हरि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के वाणिज्य विभाग की ओर से बुधवार (4 नवंबर) को एम.कॉम. के विद्यार्थियों के लिए ‘शोध पद्धति (रिसर्च मेथडोलॉजी)’ विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को शोध की मूल अवधारणाओं एवं शोध कार्य की विभिन्न प्रक्रियाओं से अवगत कराना रहा।

कार्यशाला में वक्ता के रूप में डॉ. हरीश चन्द्र जोशी, पूजा एवं सृष्टि ने विद्यार्थियों को शोध पद्धति के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। वक्ताओं ने शोध विषय के चयन, शोध उद्देश्यों के निर्धारण, शोध अभिकल्प (रिसर्च डिजाइन), परिकल्पना निर्माण, निदर्शन तकनीक तथा प्राथमिक एवं द्वितीयक आंकड़ों के संकलन एवं विश्लेषण की प्रक्रिया को समझाया। इस दौरान शोध प्रतिवेदन लेखन, सांख्यिकीय विश्लेषण, संदर्भ लेखन और साहित्यिक चोरी (प्लेजरिज्म) से बचने के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शोध के लिए वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक चिंतन, मौलिकता और अकादमिक नैतिकता का पालन आवश्यक है। उन्होंने वाणिज्य एवं प्रबंधन के विभिन्न क्षेत्रों में शोध की संभावनाओं और उसके व्यावहारिक महत्व की जानकारी भी दी।

कार्यशाला में एम.कॉम. के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने शोध से संबंधित विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में शोध के प्रति रुचि विकसित करने के साथ उन्हें भविष्य में गुणवत्तापूर्ण शोध कार्य करने के लिए आवश्यक आधारभूत ज्ञान एवं कौशल प्रदान करना रहा।

You may have missed

📤 यह खबर शेयर करें