किच्छा-नगला और जवाहर नगर अंडरपास निर्माण की मांग तेज, डीएम कार्यालय के सामने 24 घंटे धरने पर बैठेंगे विधायक बेहड़

Advertisement

गूंज, उधम सिंह नगर। किच्छा विधानसभा क्षेत्र में अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर विधायक तिलक राज बेहड़ ने आंदोलन का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि किच्छा-नगला और जवाहर नगर में अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर वह बुधवार को जिलाधिकारी कार्यालय के सामने 24 घंटे के धरने पर बैठेंगे। उन्होंने क्षेत्रवासियों से इस जनहित की लड़ाई में सहयोग की अपील भी की।

मंगलवार को ग्रामीण जनसंवाद कार्यक्रम के तहत विधायक तिलक राज बेहड़ ने गंगापुर, गणेशपुर, नारायणपुर कोठा, नारायणपुर, सुंदर कॉलोनी और प्रतापपुर घोटा पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद किया तथा उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने करीब एक करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

ग्राम गंगापुर में मंदिर से सर्वजीत सिंह के खेत तक 86 लाख 83 हजार रुपये की लागत से मोटर मार्ग के डामरीकरण कार्य का शिलान्यास किया गया। वहीं नारायणपुर कोठा में 2 लाख 89 हजार रुपये की लागत से निर्मित सीसी सड़क तथा 1 लाख 88 हजार रुपये की लागत से बनी पुलिया एवं सीसी सड़क का लोकार्पण किया। प्रतापपुर घोटा में 1 लाख 65 हजार रुपये की लागत से स्थापित वाटर कूलर का उद्घाटन किया गया।

इसके बाद विधायक बेहड़ पुरानी गल्ला मंडी स्थित गुरु सिंह सभा गुरुद्वारे में गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर आयोजित कीर्तन दीवान में शामिल हुए। उन्होंने मत्था टेककर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर विधायक निधि से छह लाख रुपये की लागत से स्थापित सोलर प्लांट का भी लोकार्पण किया।

विधायक ने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं हमें भाईचारे, गरीबों की मदद और मानवता की सेवा का संदेश देती हैं। सिख समाज ने हमेशा देश सेवा और जनकल्याण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। समाज को आपसी प्रेम और सद्भाव के साथ आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

अंडरपास निर्माण की मांग पर विधायक बेहड़ ने कहा कि रेलवे फाटक दिन में 15 से 20 बार बंद होने के कारण लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ता है। इससे आम जनता, व्यापारियों और राहगीरों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। रेलवे विभाग और जिला प्रशासन के साथ लगातार वार्ता की जा रही है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है। इसी मांग को लेकर वह जिलाधिकारी कार्यालय के सामने 24 घंटे धरना देंगे।

नारायणपुर कोठा में जनसंवाद के दौरान विधायक ने कहा कि गांव से उनका वर्षों पुराना जुड़ाव है। यहां बिजली, ट्रांसफार्मर, स्कूल, सड़क, पुलिया और श्मशान घाट सहित कई विकास कार्य कराए गए हैं। मुख्य पुल मार्ग का सर्वे पूरा हो चुका है और उसकी डीपीआर तैयार की जा रही है। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य को प्राथमिकता से पूरा कराया जाएगा। गांव में कटान की समस्या को भी जिला योजना में शामिल कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि किच्छा पुराना शहर है, जहां मंदिर, गुरुद्वारे, बाजार और विभिन्न समुदायों के लोग आपसी भाईचारे के साथ रहते हैं। क्षेत्र की समस्याएं सभी की साझा समस्याएं हैं और उनके समाधान के लिए वह हमेशा जनता के साथ खड़े रहेंगे।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गुलशन सिंधी, जिला पंचायत सदस्य गुरदास कालड़ा, रामकुमार सिंह, मुकेश पासवान, सर्वजीत सिंह, संतोष सिंह, श्रवण भगत, बबलू प्रधान और अशोक चुघ सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।

गुरुद्वारे के कार्यक्रम में प्रधान देवेंद्र मंड, संतोख सिंह, सभासद गुरप्रीत पोल्ला, निर्मल सिंह, परमजीत सिंह, हरभजन सिंह, करमजीत सिंह, गुरनाम धारीवाल, दलजीत सिंह, गुरचरण सिंह, गुरजस सिंह, दलजीत कक्कड़ और डिम्पल सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

You may have missed

📤 यह खबर शेयर करें