साइबर ठगों ने पत्रकार के खाते से उड़ाए 23 हजार रुपये, बैंक का टोल फ्री नंबर भी नहीं आया काम, रात 11:30 से 12:47 बजे के बीच पांच किश्तो में गूगल पे से हुआ ट्रांजेक्शन, मोबाइल हैक होने की आशंका

Advertisement

गूंज, चम्पावत। दीपावली की खुशियों के बीच साइबर ठगों ने एक पत्रकार को अपना निशाना बनाते हुए उनके बैंक खाते से 23 हजार रुपये उड़ा लिए। साइबर ठगी की यह घटना 7 नवंबर की रात की बताई जा रही है। पीड़ित पत्रकार विनोद पाल, निवासी वार्ड नंबर नौ टनकपुर को ठगी का पता 8 नवंबर की सुबह बैंक से आए ट्रांजेक्शन संबंधी मैसेज मिलने पर चला। इसके बाद उन्होंने तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 7 नवंबर की रात 11:30 बजे से 12:47 बजे के बीच गूगल पे के माध्यम से पांच अलग-अलग किस्तों में उनके खाते से करीब 23 हजार रुपये अन्य एप्लीकेशन में ट्रांसफर कर दिए गए। हैरानी की बात यह है कि खाताधारक को इन लेनदेन की कोई जानकारी नहीं थी और न ही उन्होंने स्वयं कोई भुगतान किया था।

पीड़ित के अनुसार, रकम ट्रांसफर होने से पहले उनके मोबाइल फोन की स्क्रीन अचानक गायब हो गई थी और फोन गर्म होने लगा था। गूगल पे के टोल फ्री नंबर से संपर्क करने पर मिली जानकारी के मुताबिक मोबाइल फोन हैक कर साइबर ठगी को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई गई। पीड़ित विनोद पाल ने बताया कि उसका खाता केनरा बैंक में है। दीपावली के चलते बैंक बंद होने के कारण खाते को तत्काल ब्लॉक कराने के लिए बैंक का टोल फ्री नंबर ही एकमात्र सहारा था। लेकिन पीड़ित का आरोप है कि कई बार प्रयास करने के बावजूद केनरा बैंक का टोल फ्री नंबर नहीं लगा। ऐसे में बैंक की ग्राहक सेवा पर निर्भरता भी उनके काम नहीं आई और समय रहते खाते को सुरक्षित कराने में परेशानी हुई। सुबह बैंक से आए मैसेज के बाद पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने साइबर सेल और बैंक प्रशासन से मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए खाते को सुरक्षित करने तथा ठगी गई रकम की रिकवरी कराने की मांग की है।

दीपावली जैसे बड़े त्योहार पर हुई इस घटना ने एक बार फिर साइबर सुरक्षा और बैंकिंग सेवाओं की आपातकालीन व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जब बैंक अवकाश पर रहते हैं, तब ग्राहकों के लिए टोल फ्री सेवाएं ही तत्काल सहायता का प्रमुख माध्यम होती हैं। ऐसे में बैंक के हेल्पलाइन नंबर का काम न करना ग्राहकों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है।

पीड़ित पत्रकार ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल फोन में अचानक असामान्य गतिविधि, स्क्रीन गायब होने या फोन गर्म होने जैसी स्थिति को गंभीरता से लें। किसी भी अनजान लिंक, कॉल या संदिग्ध एप्लीकेशन से दूर रहें तथा बैंक खाते से जुड़ी जानकारी किसी के साथ साझा न करें।

You may have missed

📤 यह खबर शेयर करें