टनकपुर और बनबसा को स्वच्छ एवं हरित बनाने की मुहिम तेज, माँ पूर्णागिरि पर्यावरण संरक्षण समिति ने लिया संकल्प, अध्यक्ष दीपा देवी और सचिव बाबूलाल यादव ने की दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी और नगर पंचायत बनबसा के अधिशासी अधिकारी से मुलाकात

Advertisement

गूंज, चम्पावत। टनकपुर और बनबसा को स्वच्छ, सुंदर एवं हरित बनाने के उद्देश्य से माँ पूर्णागिरि पर्यावरण संरक्षण समिति ने पर्यावरण संरक्षण की मुहिम तेज कर दी है। समिति की अध्यक्ष दीपा देवी के नेतृत्व में क्षेत्र में स्वच्छता, पॉलीथिन उन्मूलन, वृक्षारोपण और जनजागरूकता को बढ़ावा देने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में समिति के पदाधिकारियों ने नगरीय पर्यावरण संरक्षण परिषद की उपाध्यक्ष एवं शहरी विकास विभाग की दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी से शिष्टाचार भेंट कर पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। मुलाकात के दौरान समिति अध्यक्ष दीपा देवी और सचिव बाबूलाल यादव ने टनकपुर एवं बनबसा क्षेत्र में स्वच्छता अभियान को प्रभावी बनाने, पॉलीथिन के उपयोग पर रोक लगाने, व्यापक स्तर पर पौधरोपण करने और आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने जैसे विषय उठाए। समिति ने संकल्प जताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की विधानसभा क्षेत्र चम्पावत को पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में आदर्श एवं अग्रणी बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी ने समिति की ओर से पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने अभियान को अधिक प्रभावी बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए जनसहभागिता बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया। समिति के पदाधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि वे जनहित में पर्यावरण संरक्षण के कार्यों को आगे बढ़ाते रहेंगे।

पर्यावरण संरक्षण अभियान को धरातल पर उतारने के लिए समिति के पदाधिकारियों ने नगर पंचायत बनबसा के अधिशासी अधिकारी दीपक चंद्र बुढलाकोटी से भी मुलाकात की। इस दौरान नगर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने, पॉलीथिन के इस्तेमाल पर प्रभावी रोक लगाने, पौधरोपण को प्रोत्साहित करने तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों में आपसी समन्वय स्थापित करने पर सार्थक चर्चा हुई। समिति ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को सफल बनाने के लिए सरकारी विभागों, स्थानीय निकायों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की सहभागिता जरूरी है। सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छता और हरियाली को स्थायी रूप दिया जा सकता है।

समिति की अध्यक्ष दीपा देवी ने कहा कि माँ पूर्णागिरि पर्यावरण संरक्षण समिति का उद्देश्य टनकपुर, बनबसा और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता, पॉलीथिन उन्मूलन तथा वृक्षारोपण को जनसहयोग के माध्यम से व्यापक स्वरूप देना है। पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक विभाग या संगठन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामाजिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि समिति आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण और सुरक्षित प्राकृतिक विरासत उपलब्ध कराने के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने तथा लोगों को प्रकृति संरक्षण के प्रति जिम्मेदार बनाने का प्रयास करेगी।

You may have missed

📤 यह खबर शेयर करें