
गूंज, अल्मोड़ा। अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता एवं आरटीआई एक्टिविस्ट संजय पाण्डे ने महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा प्रो. आशुतोष सयाना से मुलाकात कर विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान रेडियोलॉजिस्ट की कमी, विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता, नर्सिंग कॉलेज में फैकल्टी की स्थिति, सफाई व्यवस्था, एंबुलेंस सेवा और मरीजों के साथ कर्मचारियों के व्यवहार जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। महानिदेशक ने रेडियोलॉजिस्ट की व्यवस्था कराए जाने की जानकारी देते हुए अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए।
महानिदेशक प्रो. आशुतोष सयाना ने मेडिकल कॉलेज के आईसीयू, एनआईसीयू, प्रसूति विभाग सहित विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। उन्होंने नवनिर्मित भवन और नर्सिंग कॉलेज का जायजा लेने के साथ ही अस्पताल परिसर की सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। इस दौरान संजय पाण्डे ने अस्पताल में व्याप्त समस्याओं की ओर उनका ध्यान आकर्षित करते हुए मरीजों को हो रही परेशानियों से अवगत कराया।
संजय पाण्डे ने अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की कमी का मुद्दा उठाते हुए जल्द व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। इस पर महानिदेशक ने बताया कि रेडियोलॉजिस्ट की व्यवस्था कराई जा रही है। इससे मरीजों को जांच संबंधी परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही उन्होंने गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, यूरोलॉजी और न्यूरोलॉजी जैसे महत्वपूर्ण विभागों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी का मुद्दा भी उठाया। एंबुलेंस और 108 सेवा से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा की गई।
संजय पाण्डे ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की सीमित उपलब्धता के कारण मरीजों को पहले ही कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में मेडिकल कॉलेज में पर्याप्त विशेषज्ञ चिकित्सकों और आवश्यक स्टाफ की तैनाती जरूरी है, ताकि लोगों को बेहतर उपचार के लिए हल्द्वानी, देहरादून अथवा अन्य शहरों की ओर न जाना पड़े।
निरीक्षण के दौरान मेडिकल कॉलेज परिसर में डंपिंग जोन के पीछे कूड़ा पड़ा होने का मामला भी सामने आया। संजय पाण्डे ने कूड़े की वीडियो महानिदेशक को दिखाई। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कूड़ा तत्काल हटाने और अस्पताल के शौचालयों की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
संजय पाण्डे ने कहा कि जिन वार्डों में आम दिनों में गंदगी की शिकायतें सामने आती हैं, वे निरीक्षण के दिन साफ-सुथरे दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल की सफाई व्यवस्था केवल अधिकारियों के निरीक्षण के समय ही बेहतर नहीं होनी चाहिए, बल्कि प्रतिदिन स्वच्छता बनाए रखना अस्पताल प्रशासन की जिम्मेदारी है। मरीजों को साफ-सुथरा वातावरण उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है।
मुलाकात के दौरान मरीजों और उनके तीमारदारों के साथ अस्पताल कर्मचारियों के व्यवहार का मुद्दा भी उठाया गया। संजय पाण्डे ने कहा कि उपचार के लिए आने वाले मरीज बीमारी के साथ मानसिक तनाव से भी गुजरते हैं। ऐसे में उनके और उनके परिजनों के साथ संवेदनशीलता, सम्मान और शालीनता से व्यवहार किया जाना चाहिए।
इस पर महानिदेशक ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मरीजों और तीमारदारों के साथ शालीनता तथा सेवा भाव से पेश आने के निर्देश दिए। उन्होंने मरीजों की समस्याओं का समाधान करने और अस्पताल में बेहतर वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया।
संजय पाण्डे ने नर्सिंग कॉलेज में फैकल्टी की कमी का मुद्दा उठाते हुए बताया कि वहां मात्र पांच फैकल्टी सदस्यों के भरोसे शिक्षण व्यवस्था संचालित हो रही है। इनमें एक संविदा पर कार्यरत है, जबकि एक अन्य फैकल्टी सदस्य के सेवानिवृत्त होने की स्थिति है। उन्होंने पर्याप्त फैकल्टी की तैनाती की मांग करते हुए कहा कि शिक्षकों की कमी का असर विद्यार्थियों की पढ़ाई, व्यावहारिक प्रशिक्षण और शैक्षणिक गुणवत्ता पर पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज पूरे पर्वतीय क्षेत्र के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता, पर्याप्त स्टाफ, नियमित सफाई, सुचारु एंबुलेंस सेवा और मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
संजय पाण्डे ने उम्मीद जताई कि महानिदेशक की ओर से दिए गए निर्देशों पर प्रभावी कार्रवाई होगी और अस्पताल की व्यवस्थाओं में स्थायी सुधार आएगा। इससे अल्मोड़ा सहित आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
इस दौरान मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. जीएस तितियाल, प्रो. अशोक कुमार, डॉ. अनिल पाण्डे, मिशिगन यूनिवर्सिटी के डीन प्रो. आशीष जोशी, नर्सिंग अधीक्षिका डॉ. आशा गंगोला, दीपक जोशी, सामाजिक कार्यकर्ता आशीष जोशी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
More Stories
उत्तराखण्ड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 10 आईएएस और 20 पीसीएस अधिकारियों के हुए तबादले
पूर्णागिरि रोपवे निर्माण कार्य में अनियमितता की आशंका, 400 से 500 गाड़ी आरबीएम मलबा डालने और साल के पेड़ों के अवैध कटान की शिकायत, शिकायतकर्ता पंकज महर ने प्रभागीय वनाधिकारी चम्पावत को पत्र भेजकर उच्चस्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की उठाई मांग
प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी: उत्तराखंड में 20 से अधिक वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले जल्द