शनिवार को संपन्न हुई उत्तरांचल परिवहन मजदूर संघ की बैठक, अन्य संगठन से आये सदस्यों का किया गया स्वागत, कर्मचारियों की समस्याओं पर हुआ मंथन

Advertisement Advertisement Advertisement Advertisement

गूंज, चम्पावत। उत्तरांचल परिवहन मजदूर संघ, टनकपुर क्षेत्र की क्षेत्रीय बैठक शनिवार को आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष नरेंद्र पाल ने की। बैठक में संगठन के सैकड़ों पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल हुए। इस दौरान कर्मचारियों की विभिन्न विभागीय एवं सेवा संबंधी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में कर्मचारियों के नियमितीकरण, नियमितीकरण होने तक समान कार्य के लिए समान वेतन, निगम में बसों की कमी और समय पर वेतन भुगतान सहित अन्य समस्याएं प्रमुखता से उठाई गईं। कर्मचारियों ने अपनी समस्याएं और सुझाव संगठन के समक्ष रखे तथा उनके समाधान के लिए आगामी रणनीति पर विचार-विमर्श किया।

बैठक के दौरान विभिन्न संगठनों के कई पदाधिकारी एवं सदस्यों ने उत्तरांचल परिवहन मजदूर संघ की कार्यशैली एवं कर्मचारी हितैषी नीतियों से प्रभावित होकर संगठन की सदस्यता ग्रहण की। वक्ताओं ने कहा कि नए साथियों के जुड़ने से संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिली है। संगठन को प्रत्येक डिपो, स्टेशन एवं कर्मचारी तक पहुंचाने का अभियान तेज किया जाएगा।

नियमितीकरण एवं समान कार्य समान वेतन की मांग को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए छह सदस्यीय संयोजक टीम का गठन किया गया। इसमें भरत पाठक और मनोज मिश्रा को संयोजक बनाया गया है। टीम में दोनों संयोजकों के साथ डिपो अध्यक्ष, डिपो मंत्री, क्षेत्रीय अध्यक्ष और क्षेत्रीय मंत्री को शामिल किया गया है। टीम कर्मचारियों की समस्याओं एवं मांगों को एकत्रित कर संगठन के स्तर पर नियमितीकरण और समान कार्य समान वेतन की मांग को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएगी।

बैठक में निर्णय लिया गया कि मांगों को केवल स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं रखा जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर पूरे उत्तराखंड के कर्मचारियों को एकजुट कर व्यापक आंदोलन किया जाएगा। संगठन द्वारा विभिन्न डिपो में जाकर कर्मचारियों की समस्याएं सुनी जाएंगी और आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी।

संगठन ने चेतावनी दी कि यदि सरकार द्वारा कर्मचारियों के नियमितीकरण अथवा नियमितीकरण होने तक समान कार्य समान वेतन का लाभ देने के संबंध में शीघ्र ठोस निर्णय नहीं लिया गया तथा निगम की व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार नहीं किए गए तो संगठन व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होगा।

You may have missed

📤 यह खबर शेयर करें