विधायक तिलक राज बेहड़ ने 57 लाख के विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास

Advertisement

 

  • अगले वर्ष तक नजीबाबादवासियों को मिलेगी अस्पताल की सौगात, हाईस्कूल बनेगा इंटर कॉलेज

गूंज, उधम सिंह नगर। ग्रामीण जनसंवाद कार्यक्रम के दूसरे दिन बुधवार को विधायक तिलक राज बेहड़ ने नजीबाबाद क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं कॉलोनियों का भ्रमण कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने लगभग 57 लाख रुपये की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। विधायक ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए उनके समाधान का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम के दौरान ग्राम भगवानपुर में करीब 40 लाख रुपये की लागत से 600 मीटर मोटर मार्ग निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। वहीं विधायक निधि से नजीबाबाद की पहाड़ी कॉलोनी में 3.56 लाख रुपये की लागत से दो सीसी सड़कों, मत्स्य कॉलोनी में 2.87 लाख रुपये की लागत से दो सड़कों, माता फार्म के श्मशान घाट में पांच लाख रुपये की लागत से टीनशेड एवं फर्श निर्माण तथा रघुवंशी फार्म में 76 हजार रुपये की लागत से चबूतरे का लोकार्पण किया गया। इसके अलावा भगवानपुर में पांच लाख रुपये की लागत से निर्मित सीसी सड़क का भी लोकार्पण किया गया। विधायक ने ग्रामीणों की मौजूदगी में फीता काटकर विकास कार्यों का उद्घाटन किया।

विधायक तिलक राज बेहड़ ने घोषणा की कि अगले वर्ष तक नजीबाबाद क्षेत्रवासियों को अस्पताल की सौगात मिलेगी। अस्पताल की नई बिल्डिंग का निर्माण पूरा कराकर वहां स्वास्थ्य सेवाएं शुरू कराई जाएंगी। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने नजीबाबाद हाईस्कूल को इंटर कॉलेज में उच्चीकृत कराने की भी घोषणा की, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को इंटरमीडिएट की पढ़ाई के लिए दूसरे क्षेत्रों में नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।

जनसंवाद कार्यक्रम के तहत विधायक ने नजीबाबाद बैराज, पहाड़ी कॉलोनी, मत्स्य कॉलोनी, माता फार्म, भगवानपुर और रुद्रपुर सानी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अपने कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों की जानकारी भी दी। विधायक बेहड़ ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार नए विकास कार्यों को आगामी वित्तीय वर्ष में प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों से पूर्व में किए गए वादों और घोषणाओं को धरातल पर उतारने का प्रयास किया जा रहा है। विधायक निधि से स्वीकृत एवं प्रस्तावित कार्यों को पूरा कराने के बाद ही वह संबंधित गांवों में दोबारा पहुंचेंगे, ताकि जनता से किए गए वादों का वास्तविक लाभ मिल सके। उन्होंने कलकत्ता फार्म को मत्स्य कॉलोनी से जोड़ने वाले मार्ग का निर्माण अगले कार्यकाल में कराने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि ग्रामीण जनसंवाद कार्यक्रम का उद्देश्य गांवों तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं को समझना और उनका समयबद्ध समाधान कराना है।

इस दौरान किच्छा नगर पालिका अध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गुलशन सिंधी, जिला पंचायत सदस्य प्रेम आर्य, पूर्व पालिका अध्यक्ष दर्शन कोली, बलवंत सिंह, सुंदर सिंह, बलदेव सिंह, मेजर सिंह, अशोक चुघ, दलजीत खुराना, बलवीर सिंह, मुन्नी देवी, अर्जुन यादव, अनिल यादव, जमालुद्दीन, डॉ. नदीम, श्याम सिंह, सुरेंद्र, अमरजीत सिंह, चंद्र तेज सिंह, दलेर सिंह, बाज सिंह, जगीर सिंह, जसवंत सिंह, इब्राहिम, रामविलास एवं नेम सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

You may have missed

📤 यह खबर शेयर करें