टनकपुर में अतिक्रमण और गंदगी फैलाने वालों पर पालिका की कार्रवाई, 10,400 रुपये के चालान, फड़-ठेला संचालकों को लाल पट्टी के पीछे दुकान लगाने के निर्देश, पॉलीथिन के प्रयोग पर भी की गई कार्रवाई

Advertisement

गूंज, चम्पावत। टनकपुर नगर क्षेत्र में अतिक्रमण, गंदगी और प्रतिबंधित पॉलीथिन के प्रयोग पर अंकुश लगाने के लिए नगर पालिका परिषद टनकपुर की ओर से बुधवार को विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों एवं व्यवसायियों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 10,400 रुपये का जुर्माना वसूला गया। नगर पालिका की टीम ने रोडवेज स्थित सुलभ शौचालय की नालियों में गंदगी बहाने, मछली गली में साफ-सफाई के मानकों का उल्लंघन करने तथा मुख्य बाजार और सब्जी मंडी में पॉलीथिन का प्रयोग करने के मामलों में कार्रवाई की। इसके साथ ही सड़क और फुटपाथ पर अवैध रूप से फड़ एवं ठेले लगाने वाले संचालकों को भी निर्धारित व्यवस्था का पालन करने के निर्देश दिए गए।

पालिका कर्मचारियों ने फड़ एवं ठेला संचालकों को फुटपाथ पर बनाई गई लाल पट्टी के पीछे ही दुकान लगाने की हिदायत दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस व्यवस्था का उद्देश्य सड़क पर यातायात को सुचारु बनाए रखना और राहगीरों को आवागमन में होने वाली परेशानी से बचाना है। अभियान के दौरान नगर के व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, कूड़ा खुले में नहीं फैलाने तथा नालियों में गंदगी नहीं डालने के निर्देश भी दिए गए। पालिका की ओर से स्पष्ट किया गया कि नगर की स्वच्छता और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

इस दौरान नगर पालिका परिषद टनकपुर के विनोद चन्द्र बिष्ट, बसन्त राज चन्द, अनुराधा यादव, प्रिया बिष्ट, शकुन सक्सेना, प्रमोद प्रकाश, प्रकाश नेगी, राम रतन, विशाल बाबू सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

You may have missed

📤 यह खबर शेयर करें