प्राकृतिक चिकित्सा समय की जरूरत, योग और पंचमहाभूतों से स्वस्थ जीवन का मार्ग प्रशस्त : भैयाजी जोशी

Advertisement
  • चिकित्सा पद्धतियों में प्रतिस्पर्धा नहीं, समन्वय और सहयोग जरूरी; भारतीय पारंपरिक चिकित्सा के संरक्षण पर दिया जोर

गूंज, चम्पावत। प्राकृतिक चिकित्सा, योग और भारतीय पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के महत्व को लेकर 18 नवंबर को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व सरकार्यवाह एवं मुख्य अतिथि सुरेश जोशी (भैयाजी जोशी) ने कहा कि प्राकृतिक चिकित्सा वर्तमान समय की समसामयिक आवश्यकता है। योग और पंचमहाभूतों के सिद्धांतों को जीवन में अपनाकर स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मंगलाचरण के साथ हुआ। योगाचार्य मंजरी जोशी ने कार्यक्रम की प्रस्तावना प्रस्तुत की। बैंकॉक से पहुंचीं वक्ता डॉ. अलका गुप्ता ने भी अपने विचार रखे। मुख्य वक्ता योग गुरु नवदीप जोशी रहे। विशिष्ट अतिथियों में जगदीश जोशी एवं राष्ट्रपति पदक से सम्मानित बंशीधर उपाध्याय शामिल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सूर्योदय सेवा समिति के संरक्षक डॉ. देवी दत्त जोशी ने की।

मुख्य अतिथि भैयाजी जोशी ने कहा कि वर्तमान में एलोपैथी को प्रमुख चिकित्सा पद्धति के रूप में देखा जाता है, जबकि बिना दवाइयों के उपचार करने वाली पद्धतियों को अक्सर वैकल्पिक चिकित्सा की श्रेणी में रखा जाता है। इस सोच में बदलाव लाने और प्राकृतिक चिकित्सा को जनजीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण चिकित्सा पद्धति के रूप में समझने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि किसी एक चिकित्सा पद्धति से प्रत्येक रोग का उपचार संभव नहीं है। इसलिए विभिन्न चिकित्सा प्रणालियों के बीच प्रतिस्पर्धा के बजाय समन्वय और सहयोग की भावना होनी चाहिए, ताकि रोगियों को बेहतर उपचार मिल सके।

भैयाजी जोशी ने पंचमहाभूतों, पंचकर्मेन्द्रियों और पंचज्ञानेन्द्रियों के महत्व को समझाते हुए प्रकृति संरक्षण, जल संरक्षण और पर्यावरण संतुलन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जल की रक्षा, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और प्रदूषण पर नियंत्रण स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए आवश्यक हैं।

उन्होंने आधुनिक चिकित्सा में त्वरित उपचार के परिणामों और दवाइयों के संभावित दुष्प्रभावों का उल्लेख करते हुए स्वास्थ्य के प्रति समग्र दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा में स्वास्थ्य का अर्थ केवल रोगों से मुक्ति नहीं, बल्कि शारीरिक, मानसिक और प्राकृतिक संतुलन भी है।

वेदों और पंचमहाभूतों में प्राकृतिक चिकित्सा का आधार : नवदीप जोशी

मुख्य वक्ता योग गुरु नवदीप जोशी ने प्राकृतिक चिकित्सा के भारतीय एवं वैदिक आधार पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसकी जड़ें भारतीय ज्ञान परंपरा और वेदों में निहित हैं। पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश से बने पंचमहाभूत प्रकृति और शरीर के संतुलन को समझने का महत्वपूर्ण आधार प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक चिकित्सा का मूल उद्देश्य प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करना और शरीर की स्वाभाविक स्वास्थ्य-संरक्षण क्षमता को प्रोत्साहित करना है। योग, संतुलित प्राकृतिक आहार, नियमित दिनचर्या और पंचमहाभूतों के सिद्धांतों को अपनाकर स्वस्थ जीवन की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है। उन्होंने भारतीय पारंपरिक चिकित्सा ज्ञान के वैज्ञानिक अध्ययन, अनुसंधान और व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी बल दिया।

कार्यक्रम में उपस्थित अन्य अतिथियों ने भी योग, प्राकृतिक चिकित्सा, पर्यावरण संरक्षण और भारतीय स्वास्थ्य परंपरा के महत्व पर विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन योगाचार्य तस्वीर एवं योगाचार्य भावना ने किया। अंत में डॉ. नवनीत जोशी ने सभी अतिथियों, वक्ताओं और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। शांतिपाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम के माध्यम से भारतीय पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के संरक्षण, योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा आधुनिक और प्राकृतिक चिकित्सा के बीच समन्वय स्थापित कर स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।

You may have missed

📤 यह खबर शेयर करें