
गूंज, चम्पावत। पाटी विकासखंड के पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज मूलाकोट के संबंध में सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो का प्रधानाचार्य श्री रमेश सिंह ने खंडन करते हुए स्पष्ट किया है कि वीडियो में विद्यालय की वास्तविक स्थिति को सही रूप में प्रस्तुत नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि विद्यालय समय के इतर कुछ व्यक्तियों द्वारा परिसर में आकर निष्प्रयोज्य एवं परित्यक्त भवनों तथा शौचालयों का वीडियो बनाया गया और उसे विद्यालय की वर्तमान व्यवस्थाओं से जोड़कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया।
प्रधानाचार्य ने बताया कि पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज मूलाकोट में छात्र-छात्राओं के उपयोग के लिए शौचालय उपलब्ध हैं, जिनका नियमित रूप से उपयोग किया जाता है तथा साफ-सफाई भी सुनिश्चित की जाती है। विद्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी इससे संबंधित वास्तविक स्थिति के प्रमाण उपलब्ध हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वीडियो में अभिभावक बताए जा रहे संबंधित व्यक्ति विद्यालय में वर्तमान में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के अभिभावक नहीं हैं।
उन्होंने बताया कि विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों के अभिभावकों एवं स्थानीय लोगों ने भी विद्यालय की वास्तविक स्थिति की पुष्टि करते हुए सोशल मीडिया पर किए जा रहे भ्रामक प्रचार का खंडन किया है। प्रधानाचार्य ने कहा कि बिना तथ्यों की पुष्टि किए इस प्रकार की सामग्री प्रसारित किए जाने से विद्यालय के शैक्षिक वातावरण एवं शिक्षक-कर्मचारियों के मनोबल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
प्रधानाचार्य रमेश सिंह ने कहा कि विद्यालय से संबंधित किसी भी विषय पर सामग्री प्रसारित करने से पूर्व वास्तविक तथ्यों की पुष्टि की जानी चाहिए। भविष्य में पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज मूलाकोट, पाटी एवं शिक्षा विभाग की छवि धूमिल करने वाली भ्रामक अथवा असत्य सामग्री प्रसारित किए जाने की स्थिति में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
More Stories
छात्रसंघ नामांकन के बीच राजकीय महाविद्यालय बनबसा में मनाया एनएसएस दिवस
चंपावत में दो दिवसीय खंड स्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, कनिष्ठ वर्ग के विजेताओं को किया गया पुरस्कृत
घर में घुसकर चोरी करने वाले तीन आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार, टनकपुर पुलिस ने चोरी का सामान किया बरामद