
गूंज, चम्पावत। राजकीय महाविद्यालय बनबसा में गुरुवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। खास बात यह रही कि एक ओर महाविद्यालय परिसर में छात्रसंघ चुनाव के नामांकन को लेकर गहमागहमी का माहौल था, वहीं दूसरी ओर प्रशासन और छात्र-छात्राओं ने एनएसएस कार्यक्रम को प्राथमिकता देते हुए रचनात्मक गतिविधियों में भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य ने की, जबकि एनएसएस की नोडल अधिकारी एवं संयोजक डॉ. सुशीला आर्या ने कार्यक्रम का संचालन किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण महाविद्यालय परिसर में चलाया गया वृहद स्वच्छता अभियान रहा। एनएसएस स्वयंसेवकों के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक परिसर की साफ-सफाई की। विद्यार्थियों ने परिसर में उगी अतिरिक्त घास और झाड़ियों को हटाकर स्वच्छता का संदेश दिया।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. सुशीला आर्या सहित अन्य प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय सेवा योजना के इतिहास, उद्देश्यों तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि एनएसएस केवल समाज सेवा का माध्यम नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच भी है।
छात्रसंघ चुनाव के नामांकन जैसे व्यस्ततम दिन में भी छात्र-छात्राओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति और उनका अनुशासन सराहनीय रहा। चुनावी माहौल के बीच शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से एनएसएस दिवस का आयोजन महाविद्यालय की कार्यसंस्कृति का उदाहरण बना। कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय के प्राध्यापकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहयोग दिया।
More Stories
पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज मूलाकोट को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक वीडियो का प्रधानाचार्य ने किया खंडन, विद्यालय में शौचालयों का नियमित उपयोग एवं साफ-सफाई, अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने भी की वास्तविक स्थिति की पुष्टि
चंपावत में दो दिवसीय खंड स्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, कनिष्ठ वर्ग के विजेताओं को किया गया पुरस्कृत
घर में घुसकर चोरी करने वाले तीन आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार, टनकपुर पुलिस ने चोरी का सामान किया बरामद