
गूंज, चम्पावत। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंपावत के सचिव के निर्देशन में नालसा के दिशा-निर्देशों के अनुरूप देशभर में चलाए जा रहे ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत टनकपुर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किए गए। अभियान के प्रथम चरण में 26 से 31 अक्टूबर तक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। शिविरों के माध्यम से विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, यौन उत्पीड़न से बचाव, साइबर सुरक्षा और बच्चों के संरक्षण के लिए बनाए गए कानूनों की जानकारी दी गई।
पहली पाली में ककराली गेट स्थित एमडीएम एजुकेशनल सोसायटी में विद्यालय की प्रधानाचार्या सुनीता चंद और प्रबंधक धर्मेंद्र चंद की संयुक्त अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित हुआ। पीएलबी अजय गुरुरानी के संचालन में आयोजित शिविर में पीएलबी दिग्विजय सिंह, कुंवर सिंह भंडारी और राधिका अधिकारी ने विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट-2012 के प्रावधानों के बारे में विस्तार से बताया।
उन्होंने बच्चों को गुड टच-बैड टच की पहचान, यौन उत्पीड़न से बचाव, डिजिटल एवं साइबर सुरक्षा, बाल अधिकारों और चाइल्ड पॉर्नोग्राफी से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। साथ ही पॉक्सो एक्ट संशोधन अधिनियम-2019 के तहत बच्चों के विरुद्ध अपराध करने वालों के लिए निर्धारित सजा और कानूनी प्रक्रिया के बारे में भी बताया। बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, पुलिस आपातकालीन नंबर 112, साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 और नालसा की कानूनी सहायता हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर इनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। चाइल्ड वेलफेयर कमेटी और किशोर न्याय बोर्ड की भूमिका के बारे में भी समझाया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या सुनीता चंद और शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जागरूकता कार्यक्रमों के महत्व पर प्रकाश डाला। इस शिविर में लगभग 265 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

वहीं, दूसरी पाली में राजकीय प्राथमिक विद्यालय और राजकीय माध्यमिक विद्यालय आमबाग में संयुक्त रूप से विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। इसमें पुलिस टीम से उपनिरीक्षक सुखपाल सिंह, हेड कांस्टेबल सीमा यादव और चाइल्ड हेल्पलाइन से भावना ने सहभागिता की। पीएलवी अजय गुरुरानी, किरण गहतोड़ी, कुंवर सिंह भंडारी और दिग्विजय सिंह तड़ागी ने विद्यार्थियों को बारी-बारी से कानूनी अधिकारों, बाल संरक्षण और सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
दोनों विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं शिक्षक भी शिविर में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने, किसी भी प्रकार के शोषण या उत्पीड़न की स्थिति में चुप न रहने और जरूरत पड़ने पर संबंधित हेल्पलाइन अथवा जिम्मेदार अधिकारियों से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
More Stories
उत्तराखण्ड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 10 आईएएस और 20 पीसीएस अधिकारियों के हुए तबादले
पूर्णागिरि रोपवे निर्माण कार्य में अनियमितता की आशंका, 400 से 500 गाड़ी आरबीएम मलबा डालने और साल के पेड़ों के अवैध कटान की शिकायत, शिकायतकर्ता पंकज महर ने प्रभागीय वनाधिकारी चम्पावत को पत्र भेजकर उच्चस्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की उठाई मांग
प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी: उत्तराखंड में 20 से अधिक वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले जल्द