किच्छा में दो सड़कों के निर्माण को ₹1.11 करोड़ मंजूर, आनंदपुर और नीलकंठ कॉलोनी को मिलेगी बेहतर सुविधा, बेहड़ ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज का जताया आभार

Advertisement

गूंज, उधम सिंह नगर। किच्छा विधानसभा क्षेत्र में सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में दो महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों को मंजूरी मिली है। विधायक तिलक राज बेहड़ के प्रयासों के परिणामस्वरूप राज्य योजना के अंतर्गत आनंदपुर और नीलकंठ कॉलोनी क्षेत्र की सड़कों के निर्माण एवं पुनर्निर्माण के लिए कुल 1 करोड़ 11 लाख रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इन कार्यों से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।

स्वीकृत कार्यों के तहत ग्राम आनंदपुर से जीएपी स्कूल तक 0.735 किलोमीटर लंबे लिंक मोटर मार्ग का प्रीमिक्स कारपेट से पुनर्निर्माण किया जाएगा। इस कार्य पर 33.57 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं, शिमला मल्सा-गिरधरपुर रोड से नीलकंठ कॉलोनी तक 0.510 किलोमीटर लंबे मार्ग का निर्माण इंटरलॉकिंग टाइल्स से किया जाएगा। यह मार्ग नीलकंठ फेस-3 से शुरू होकर लालपुर में गुरुद्वारे के निकट तक पहुंचेगा। इस कार्य के लिए 77.43 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

विधायक तिलक राज बेहड़ ने किच्छा नगर पालिका और सिरौलीकलां नगर पालिका में दोनों अध्यक्षों को विजयी बनाने के लिए क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में सड़क, संपर्क मार्ग और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आनंदपुर और नीलकंठ कॉलोनी में सड़क निर्माण कार्य पूरे होने से स्थानीय निवासियों को आवागमन में राहत मिलेगी और क्षेत्र की आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी। विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। विधायक बेहड़ ने इन दोनों सड़क निर्माण कार्यों के लिए स्वीकृति प्रदान करने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और लोक निर्माण विभाग के मंत्री सतपाल महाराज का हृदय से आभार व्यक्त किया।

You may have missed

📤 यह खबर शेयर करें