राजकीय महाविद्यालय टनकपुर में ‘मेरे सपनों का भारत 2047’ कार्यक्रम आयोजित, विकसित भारत के संकल्प पर हुई चर्चा

Advertisement

गूंज, चम्पावत। राजकीय महाविद्यालय टनकपुर में शनिवार को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत 2047’ विषय पर विस्तृत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विकसित भारत की परिकल्पना, सरकारी योजनाओं के प्रभाव तथा देश और प्रदेश में हो रहे सामाजिक एवं विकासात्मक बदलावों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड सरकार की दर्जा मंत्री एवं मुख्य अतिथि हेमा जोशी तथा महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अनुपमा तिवारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम को आगे बढ़ाया।

कार्यक्रम में विषय की प्रस्थापना करते हुए डॉ. निशा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकसित भारत की परिकल्पना पर प्रकाश डाला। उन्होंने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के महत्व को रेखांकित किया। प्रोफेसर एम.एस. चौहान ने विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए शासन स्तर पर किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी। वहीं, प्रोफेसर आशुतोष कुमार ने अपने व्याख्यान के माध्यम से देश और प्रदेश में हो रहे बदलावों की तस्वीर प्रस्तुत की।

मुख्य अतिथि हेमा जोशी ने अपने संबोधन में महिला सशक्तिकरण, स्वच्छ भारत अभियान, नल जल योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ तथा उजाला योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने और आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में युवाओं के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और रोजगार के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की भी जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए पोस्टरों का अवलोकन किया और उनकी रचनात्मकता एवं प्रयासों की सराहना की। पोस्टरों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपने सपनों के भारत और विकसित राष्ट्र की कल्पना को अभिव्यक्त किया।

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अनुपमा तिवारी ने मुख्य अतिथि हेमा जोशी एवं अन्य अतिथियों का स्वागत करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष तुलसी कुंवर तथा जिला मंत्री हंसा जोशी, महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

You may have missed

📤 यह खबर शेयर करें