
गूंज, चम्पावत। जनपद चम्पावत में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बनबसा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2,770 नशीले कैप्सूल और टैबलेट बरामद किए हैं। पुलिस ने इस मामले में उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से नशीली दवाओं के अलावा चार हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को सीज कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 23 अक्टूबर 2026 को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ड्रग फ्री देवभूमि मिशन के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक चम्पावत रेखा यादव के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में बनबसा पुलिस टीम चौकसी और चेकिंग कर रही थी। इस दौरान धनुषपुल चौकी के पूर्वी छोर पर खटीमा की ओर से आ रही सफेद रंग की स्विफ्ट कार संख्या UK06BD5048 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार में सवार चालक के कब्जे से लाल-सफेद रंग के बैग में रखे 2,770 नशीले कैप्सूल और टैबलेट बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया और तस्करी में प्रयुक्त कार को सीज कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए औषधि निरीक्षक हर्षिता को मौके पर बुलाकर बरामद दवाओं की तकनीकी जांच और पहचान कराई गई। औषधि निरीक्षक की पुष्टि के आधार पर बरामद दवाओं में ट्रामाडोल आदि को एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत नियंत्रित श्रेणी में पाए जाने के संबंध में वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक, बरामद दवाओं में 1,680 कैप्सूल डाइसाइक्लोमाइन एचसीएल, ट्रामाडोल एचसीएल और एसिटामिनोफेन युक्त, 790 कैप्सूल प्रेगाबालिन 300 एमजी तथा 300 टैबलेट टैपेंटाडोल 100 एमजी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त आरोपी के पास से चार हजार रुपये नकद और एक ओप्पो मोबाइल फोन बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विक्रम सिंह (35) पुत्र पूरन लाल, निवासी ग्राम महोलिया, थाना बहेड़ी, जनपद बरेली, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वयं को डी-फार्मा धारक बताया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में कुमाऊं क्षेत्र में दवाइयों की आड़ में नशीली गोलियों की सप्लाई करने की बात स्वीकार की है।
आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसने ये दवाइयां पीलीभीत निवासी डिस्ट्रीब्यूटर मोहम्मद कामरान से खरीदी थीं। पुलिस अब दवाओं की खरीद-फरोख्त, उनके स्रोत और संभावित सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है, ताकि इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा सके। मामले में थाना बनबसा में धारा 8/22/60 एनडीपीएस अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष बनबसा विनय मित्तल, उपनिरीक्षक दीवान सिंह बिष्ट, अपर उपनिरीक्षक धीरेन्द्र सिंह बिष्ट, कांस्टेबल पंकज सजवान और औषधि निरीक्षक हर्षिता शामिल रहीं।
More Stories
नशे के विरुद्ध पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, टनकपुर में 114 ग्राम स्मैक के साथ बरेली का तस्कर गिरफ्तार
टनकपुर में अतिक्रमण के खिलाफ नगर पालिका की कार्रवाई, तीन वार्डों में काटे चालान
रोडवेज कर्मचारी यूनियन का कार्य बहिष्कार, विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन