पेट्रोल पंपों पर संयुक्त टीम का औचक निरीक्षण, घटतौली, जमाखोरी और मिलावट की जांच

Advertisement

गूंज, चम्पावत। भारत सरकार की मंशा एवं जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशों के क्रम में उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा तथा पेट्रोलियम उत्पादों की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जनपद में विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के तहत पूर्ति विभाग, विधिक माप विज्ञान (बाट-माप) विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने विभिन्न पेट्रोल पंपों एवं ईंधन बिक्री केंद्रों का औचक निरीक्षण कर सघन जांच की।

जांच के दौरान टीम ने पेट्रोल-डीजल में मिलावट, घटतौली, अवैध भंडारण और जमाखोरी जैसे मामलों पर विशेष निगरानी रखी। पेट्रोल पंपों पर स्थापित डिस्पेंसिंग यूनिटों की तकनीकी जांच के साथ ईंधन की गुणवत्ता और घनत्व (डेंसिटी) का भी परीक्षण किया गया। वहीं, विधिक माप विज्ञान विभाग ने मापक यंत्रों की प्रमाणिकता, सत्यापन एवं सीलिंग की स्थिति की जांच की।

पुलिस टीम ने पेट्रोल पंप परिसरों में सुरक्षा मानकों और शांति व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पूर्ति निरीक्षक, पुलिस विभाग, राजस्व विभाग तथा माप एवं बाट-माप विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

पूर्ति विभाग ने बताया कि उपभोक्ताओं को पारदर्शी एवं निष्पक्ष सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस तरह के औचक निरीक्षण और सघन चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। विभाग ने पेट्रोलियम उत्पादों की गुणवत्ता, सही माप और उपभोक्ता हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किए जाने की बात कही।

You may have missed

📤 यह खबर शेयर करें