
गूंज, चम्पावत। जिला सूचना अधिकारी, नैनीताल गिरिजा शंकर जोशी का शनिवार 12 सितंबर की दोपहर आकस्मिक हृदयगति रुकने से निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही सूचना विभाग, पत्रकार जगत और विभिन्न विभागों में शोक की लहर दौड़ गई। स्वर्गीय जोशी अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
रविवार सुबह 8 बजे उनके निवास स्थान बीके पुरम, रेनबो पब्लिक स्कूल के निकट, बिठोरिया नंबर-1, हल्द्वानी से अंतिम यात्रा रानीबाग स्थित चित्रशिला घाट के लिए रवाना हुई। गमगीन माहौल में चित्रशिला घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।
अंतिम संस्कार में नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट, मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला, दर्जा राज्यमंत्री शंकर कोरंगा, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, नगर आयुक्त पारितोष वर्मा, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, सहायक निर्वाचन अधिकारी हंसादत्त पांडे, संयुक्त निदेशक/महानिदेशक सूचना के प्रतिनिधि केएस चौहान, संपादक कमलेश भट्ट, जिला सूचना अधिकारी ऊधमसिंह नगर गोविंद बिष्ट, प्रभारी मीडिया सेंटर हल्द्वानी अहमद नदीम सहित सूचना विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, पत्रकार, विभिन्न विभागों के अधिकारी और शोकाकुल परिजन मौजूद रहे।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने कहा कि उनके निधन से सूचना विभाग और पत्रकारिता जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने स्वर्गीय जोशी के सरल एवं सहयोगी स्वभाव को याद करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
More Stories
परिवहन निगम की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर प्रधानमंत्री के नाम भेजा ज्ञापन
टनकपुर में 30 सितंबर से 21 अक्टूबर तक आयोजित होगा भव्य दशहरा महोत्सव
समय रहते कराना होगा जन्म और मृत्यु का पंजीकरण, वरना उठानी पड़ेगी दिक्कत, 1 अक्टूबर से बदलेंगे पंजीकरण के नियम