
गूंज, चम्पावत। धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर के निर्धारित ध्वनि सीमा एवं शासन के दिशा-निर्देशों के अनुपालन को लेकर टनकपुर पुलिस ने शनिवार को अभियान चलाया। पुलिस ने क्षेत्र में स्थित मंदिर, मस्जिद एवं अन्य धार्मिक स्थलों का निरीक्षण कर संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक चम्पावत रेखा यादव के निर्देशानुसार तथा क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारीका सेमवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक टनकपुर चेतन रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
इस दौरान संबंधित धार्मिक स्थलों के जिम्मेदार व्यक्तियों को नोटिस तामील कराते हुए लाउडस्पीकर का प्रयोग निर्धारित ध्वनि सीमा और शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप करने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी धार्मिक अथवा सार्वजनिक आयोजन में लाउडस्पीकर का प्रयोग किया जाना हो तो पूर्व में सक्षम स्तर से आवश्यक अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य है। साथ ही निर्धारित ध्वनि एवं समय-सीमा का पूर्णतः पालन करने को कहा गया।
पुलिस ने कहा कि धार्मिक आस्था एवं परंपराओं का सम्मान करते हुए सार्वजनिक शांति, कानून-व्यवस्था और आमजन की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
टनकपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि लाउडस्पीकर का प्रयोग निर्धारित नियमों के अनुसार करें, आवश्यक अनुमति प्राप्त करें तथा क्षेत्र में धार्मिक सौहार्द एवं शांति बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें।
More Stories
परिवहन निगम की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर प्रधानमंत्री के नाम भेजा ज्ञापन
टनकपुर में 30 सितंबर से 21 अक्टूबर तक आयोजित होगा भव्य दशहरा महोत्सव
27 सितंबर से शुरू होगा पितृ पक्ष, 10 अक्टूबर को पितृ विसर्जन, पं दीपक चंद्र पाटनी ने दी जानकारी