एडम्स एलीमेंट्री स्कूल की भव्य तिरंगा यात्रा ने जगाया देशभक्ति का जज्बा

Advertisement Advertisement Advertisement Advertisement

गूंज, चम्पावत। आजादी के पावन पर्व के उपलक्ष्य में एडम्स एलीमेंट्री स्कूल की ओर से भव्य तिरंगा एवं जागरूकता यात्रा का आयोजन किया गया। हाथों में तिरंगा थामे नन्हे-मुन्ने बच्चों के उत्साह और देशभक्ति के नारों से शहर का माहौल देशभक्तिमय हो उठा। यात्रा को उपजिलाधिकारी गोपाल शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

तिरंगा यात्रा रवाना होने से पूर्व स्कूल प्रबंधन एवं एमडी गुलरेज अली की ओर से मुख्य अतिथि एसडीएम गोपाल शर्मा का स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस दौरान एमडी गुलरेज अली ने पर्यावरण संरक्षण और ग्लोबल वार्मिंग से बचाव का संदेश देते हुए एसडीएम को पौधा भेंट किया। पौधे को पर्यावरण संरक्षण और धरती को हरा-भरा रखने के संकल्प का प्रतीक बताया गया।

इस अवसर पर एसडीएम गोपाल शर्मा ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। नन्हे बच्चों में देशसेवा, राष्ट्रप्रेम और पर्यावरण संरक्षण का जो जज्बा दिखाई दे रहा है, वह सराहनीय है। वहीं एमडी गुलरेज अली ने कहा कि राष्ट्र सर्वोपरि है और तिरंगा यात्रा का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में देशप्रेम एवं सामाजिक जागरूकता की भावना को मजबूत करना है।

तिरंगा यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए। कोतवाल दिनेश कुमार शर्मा के निर्देशन में पुलिस टीम ने पूरे मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था संभाली। पुलिस की मुस्तैदी के चलते विशाल रैली शांतिपूर्ण, सुरक्षित और अनुशासित ढंग से संपन्न हुई।

रैली एडम्स स्कूल से शुरू होकर मोहम्मदपुर चौराहा, कब्रिस्तान रोड, त्रिकोणी दुकान, माथुर रोड और नैनीताल रोड होते हुए तहसील परिसर पहुंची। इस दौरान बच्चों ने “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “इंकलाब जिंदाबाद” के नारों से वातावरण गुंजायमान कर दिया। बच्चों ने देशभक्ति गीतों के माध्यम से भी लोगों को राष्ट्रप्रेम और जागरूकता का संदेश दिया।

रैली को सफल बनाने में स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं समस्त स्टाफ का विशेष योगदान रहा। बच्चों का अनुशासन और उत्साह पूरे आयोजन का आकर्षण रहा। शहर के कई प्रतिष्ठित व्यापारियों ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उनके साथ कदम से कदम मिलाकर तहसील परिसर तक पैदल यात्रा की। इनमें अतुल गर्ग, सलीम रहबर, अनूप गुप्ता, कमलजीत सिंह मंगू, वसीम आइडिया, वासिफ संगम, उमर रशीद, रितिन गोयल, सईद अहमद, शेरी शादाब, मुनीम, फारुख वाजिद, मोहम्मद यामीन, मोहम्मद कासिम (टैक्स इंस्पेक्टर, नगर पालिका) सहित अन्य लोग शामिल रहे।

तिरंगा यात्रा के तहसील परिसर पहुंचने पर तहसीलदार भानुप्रताप सिंह ने बच्चों और स्कूल स्टाफ का स्वागत किया तथा यात्रा का सफल समापन कराया। उन्होंने बच्चों के प्रयास की सराहना करते हुए उन्हें देश के जिम्मेदार और सच्चे नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।

अंत में स्कूल की चेयरमैन शाइस्ता अली ने तिरंगा यात्रा को सफल बनाने में सहयोग करने वाले प्रशासन, पुलिस, व्यापारियों, अभिभावकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, स्कूल स्टाफ और बच्चों का आभार व्यक्त किया। पूरे आयोजन ने शहर में राष्ट्रप्रेम, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया।

You may have missed

📤 यह खबर शेयर करें