बनबसा के कठुवापाती में प्रस्तावित सिडकुल भूमि का निरीक्षण, सड़क संपर्क के लिए पुल निर्माण की संभावनाएं तलाशी, औद्योगिक क्षेत्र तक सुगम आवागमन और माल ढुलाई की सुविधा विकसित करने पर जोर

Advertisement

गूंज, चम्पावत। जनपद चम्पावत में प्रस्तावित सिडकुल की स्थापना को धरातल पर उतारने की दिशा में प्रशासन ने कार्यवाही तेज कर दी है। इसी क्रम में बुधवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता जीवन सिंह ने बनबसा के कठुवापाती स्थित प्रस्तावित सिडकुल भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान औद्योगिक क्षेत्र को सड़क मार्ग से जोड़ने के लिए पुल निर्माण की संभावनाओं का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता ने मौके पर पहुंचकर वर्तमान पहुंच मार्ग की स्थिति का अवलोकन किया। साथ ही प्रस्तावित औद्योगिक भूमि तक सुगम सड़क संपर्क स्थापित करने के लिए आवश्यक संभावनाओं का आकलन किया। उन्होंने भूमि की उपलब्धता और औद्योगिक गतिविधियों के लिहाज से स्थल की उपयुक्तता भी देखी।

प्रशासन का मानना है कि प्रस्तावित सिडकुल तक बेहतर सड़क संपर्क विकसित होने से भविष्य में औद्योगिक इकाइयों की स्थापना और संचालन में सुविधा मिलेगी। इससे श्रमिकों के आवागमन के साथ ही कच्चे माल और तैयार उत्पादों की ढुलाई भी आसान हो सकेगी। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल भी मौजूद रहे।

You may have missed

📤 यह खबर शेयर करें