टनकपुर में 14.24 करोड़ की लागत से बनेगा मीडिया सेंटर, सुविधाजनक होगी पत्रकारिता, 4 नवंबर को भूमि पूजन के साथ शुरू होगा निर्माण कार्य

Advertisement

गूंज, चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आदर्श चम्पावत की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में टनकपुर में 14 करोड़ 24 लाख 52 हजार रुपये की लागत से ट्रामा सेंटर के निकट मीडिया सेंटर का निर्माण कराया जा रहा है। बुधवार, 4 नवंबर को प्रातः 11 बजे मीडिया सेंटर का भूमि पूजन एवं निर्माण कार्य का शुभारंभ किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर पत्रकारों में उत्साह है। मीडिया सेंटर के निर्माण से क्षेत्र के पत्रकारों को बेहतर कार्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

मीडिया सेंटर का भूमि पूजन एवं कार्यारंभ विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी, किरण देवी तथा मनोज कालाकोटी द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष पुष्पा विश्वकर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष टनकपुर विपिन कुमार और नगर पंचायत अध्यक्ष बनबसा रेखा देवी सहित जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नागरिक एवं क्षेत्र के पत्रकार उपस्थित रहेंगे।

मीडिया सेंटर बनने से पत्रकारों को समाचार संकलन, सूचना के आदान-प्रदान, आपसी संवाद और मीडिया संबंधी गतिविधियों के संचालन के लिए एक व्यवस्थित एवं स्थायी स्थान उपलब्ध होगा। इसके साथ ही स्थानीय समस्याओं, विकास कार्यों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श के लिए भी बेहतर वातावरण तैयार होगा।

जनपद में संचालित विकास योजनाओं, सरकारी कार्यक्रमों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। ऐसे में मीडिया सेंटर के माध्यम से प्रशासन और पत्रकारों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा प्रामाणिक सूचनाओं के समयबद्ध आदान-प्रदान को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। परियोजना का निर्माण प्रांतीय खंड, लोक निर्माण विभाग द्वारा कराया जा रहा है। करीब 14.25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह मीडिया सेंटर चम्पावत जनपद में पत्रकारिता से जुड़ी गतिविधियों को नई दिशा देने के साथ ही टनकपुर क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित हो सकता है।

You may have missed

📤 यह खबर शेयर करें