
गूंज, पिथौरागढ़। सीमांत क्षेत्र में आधुनिक नेत्र चिकित्सा सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है। सीमांत सेवा फाउंडेशन द्वारा संचालित डॉ. लीलाधर भट्ट सीमांत नेत्र चिकित्सालय में सोमवार को पहाड़ी जिलों की पहली LASIK मशीन का शुभारंभ किया गया। इस सुविधा के शुरू होने से अब पिथौरागढ़ सहित आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों को चश्मे का नंबर कम करने अथवा चश्मे पर निर्भरता समाप्त करने के लिए लेजर उपचार का विकल्प स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ पिथौरागढ़ नगर निगम की महापौर कल्पना देवलाल एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जे. एस. चुफाल ने किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक वतन की भी उपस्थिति रही।
LASIK आधुनिक लेजर तकनीक पर आधारित एक प्रक्रिया है, जिसमें आंख के कॉर्निया का आकार नियंत्रित तरीके से बदलकर दृष्टि संबंधी समस्याओं, जैसे निकट दृष्टिदोष, दूर दृष्टिदोष और कुछ मामलों में दृष्टिवैषम्य को ठीक करने का प्रयास किया जाता है। इस प्रक्रिया के बाद कई मरीजों की चश्मे पर निर्भरता कम हो सकती है। हालांकि, यह उपचार हर व्यक्ति के लिए उपयुक्त नहीं होता। इसके लिए आंखों की विस्तृत जांच और विशेषज्ञ चिकित्सक की सलाह आवश्यक है। अब तक इस सुविधा के लिए क्षेत्र के लोगों को बड़े शहरों की ओर जाना पड़ता था, लेकिन मशीन की उपलब्धता से पिथौरागढ़ में ही आधुनिक लेजर दृष्टि सुधार उपचार का विकल्प मिल सकेगा।
सीमांत नेत्र चिकित्सालय की यह उपलब्धि संस्था की निरंतर सेवा यात्रा का परिणाम है। सीमांत सेवा फाउंडेशन ने वर्ष 2016 में सीमांत क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिविरों के माध्यम से कार्य शुरू किया था। इसके बाद अक्टूबर 2023 में पिथौरागढ़ में डॉ. लीलाधर भट्ट सीमांत नेत्र चिकित्सालय की स्थापना की गई। अस्पताल का उद्देश्य सीमांत और दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों को गुणवत्तापूर्ण नेत्र चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
अस्पताल की स्थापना के बाद से यहां आधुनिक जांच और उपचार सुविधाओं का लगातार विस्तार किया गया है। नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. आदित्य अग्रवाल के नेतृत्व में अस्पताल की टीम सीमांत क्षेत्र के लोगों को सेवाएं दे रही है। डॉ. अग्रवाल दिल्ली से पिथौरागढ़ आकर पिछले तीन वर्षों से यहां मरीजों का उपचार कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में अब तक 500 से अधिक निःशुल्क नेत्र शिविर आयोजित किए जाने, 10 हजार से अधिक सर्जरी और एक लाख से अधिक मरीजों की आंखों की जांच किए जाने की जानकारी दी गई है। दूरस्थ क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने में उनका योगदान महत्वपूर्ण रहा है।
फाउंडेशन द्वारा नेत्र चिकित्सालय के साथ-साथ हल्द्वानी के लामाचौड़ में सीमांत पॉलीक्लिनिक, पिथौरागढ़ के 104 दूरस्थ गांवों में मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं और विभिन्न क्षेत्रों में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर संचालित किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त आदि कैलाश यात्रा मार्ग पर स्थानीय निवासियों, तीर्थयात्रियों और सुरक्षा कर्मियों के लिए भी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में बनबसा स्थित सीमांत पब्लिक स्कूल के माध्यम से संस्था अपना योगदान दे रही है।
कार्यक्रम में दीवान सिंह वल्दिया, राजेंद्र देवलाल, ललित पंत, डॉ. आदित्य अग्रवाल, डॉ. सिद्धार्थ पाटनी, सेवा भारती के श्री देवराज सिंह, सीमांत नेत्र चिकित्सालय के समस्त कर्मचारी तथा क्षेत्र के अनेक लोग उपस्थित रहे।
More Stories
उत्तराखण्ड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 10 आईएएस और 20 पीसीएस अधिकारियों के हुए तबादले
पूर्णागिरि रोपवे निर्माण कार्य में अनियमितता की आशंका, 400 से 500 गाड़ी आरबीएम मलबा डालने और साल के पेड़ों के अवैध कटान की शिकायत, शिकायतकर्ता पंकज महर ने प्रभागीय वनाधिकारी चम्पावत को पत्र भेजकर उच्चस्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की उठाई मांग
प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी: उत्तराखंड में 20 से अधिक वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले जल्द