
गूंज, चम्पावत। नगर पालिका परिषद टनकपुर की बोर्ड बैठक में नगर के विकास, स्वच्छता व्यवस्था और सौंदर्यीकरण से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। हालांकि, नेहरू पार्क स्थित कैंटीन को किराये पर दिए जाने के मुद्दे पर विवाद और हंगामे के चलते बैठक को अगली तिथि तक स्थगित करना पड़ा।
सोमवार को पालिकाध्यक्ष विपिन कुमार की अध्यक्षता में पालिका सभागार में आयोजित बैठक का संचालन अधिशासी अधिकारी ऋषभ उनियाल ने किया। बैठक में क्रेशर रोड स्थित डंपिंग जोन में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (एसडब्ल्यूएम) 2026 के अनुपालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करने और संयंत्र स्थापित करने का प्रस्ताव पारित किया गया। इसके अलावा नेहरू पार्क स्थित कैंटीन के समीप निर्मित दीवार तोड़कर रास्ता बनाने तथा कैंटीन को नीलामी के माध्यम से किसी निजी संस्था को किराये पर संचालित कराने पर सहमति बनी। बैठक में शास्त्री पार्क के पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण, नगर के चिन्हित स्थानों पर फैंसी पोल लगाने, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली 2026 के तहत गीले, सूखे, घरेलू हानिकारक और सैनिटरी कूड़े के लिए चार प्रकार के डस्टबिन खरीदकर वितरित करने के प्रस्ताव भी पारित किए गए।
दीपावली के मद्देनजर मुख्य बाजार में कलर लाइट और ध्वनि विस्तारक यंत्र लगाने, गेट मार्केट के दो गेटों तथा गांधी मैदान के एक गेट पर सजावट करने, तुलसीराम चौराहे का सौंदर्यीकरण करने और नगर के प्रमुख मार्गों एवं सड़कों के किनारे स्थित पोलों पर तिरंगा लाइट लगाने का निर्णय लिया गया।
इसके साथ ही नगर में आवश्यकतानुसार बोतल क्रशर मशीन स्थापित करने, उपजिला चिकित्सालय में इलेक्ट्रिक जनरेटर लगाने, पालिका कार्यालय की पूर्व दिशा में खाली पड़ी भूमि पर वाहनों की पार्किंग के लिए टीन शेड का निर्माण कराने तथा नगर के विभिन्न स्थानों पर यूनिपोल स्थापित करने के प्रस्ताव भी पारित किए गए।
बैठक के दौरान नेहरू पार्क स्थित कैंटीन को नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से किराये पर दिए जाने का प्रस्ताव पारित होने के बाद विवाद खड़ा हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार पालिका के वार्ड संख्या सात के सदस्य चर्चित शर्मा पर कैंटीन की नीलामी को लेकर अनावश्यक विवाद उत्पन्न करने, किसी व्यक्ति विशेष को बिना नीलामी प्रक्रिया के कैंटीन दिए जाने की मांग को लेकर हंगामा करने तथा पालिका सभागार में माइक, कुर्सी और पत्रावली फेंकने का आरोप लगाया गया है। इस घटनाक्रम के चलते पालिकाध्यक्ष विपिन कुमार को बोर्ड बैठक अगली तिथि तक स्थगित करनी पड़ी।
बैठक में सभासद दिनेश कुमार, हसीब अहमद, दिलदार अली, वकील अहमद, वर्षा शर्मा, सब्या बाल्मीकि, चर्चित शर्मा, आशा भट्ट, बबीता वर्मा, शैलेन्द्र सिंह, सविता बिष्ट, नामित सदस्य रीता कलखुड़िया, निगम गुप्ता, मुकेश साहू, धर्मपाल आर्य सहित पालिका के वरिष्ठ सहायक विनोद चंद्र बिष्ट, सहायक लेखाकार अजय सजवाण और वरिष्ठ लिपिक बसंत राज चंद उपस्थित रहे।
More Stories
उत्तराखण्ड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 10 आईएएस और 20 पीसीएस अधिकारियों के हुए तबादले
पूर्णागिरि रोपवे निर्माण कार्य में अनियमितता की आशंका, 400 से 500 गाड़ी आरबीएम मलबा डालने और साल के पेड़ों के अवैध कटान की शिकायत, शिकायतकर्ता पंकज महर ने प्रभागीय वनाधिकारी चम्पावत को पत्र भेजकर उच्चस्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की उठाई मांग
प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी: उत्तराखंड में 20 से अधिक वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले जल्द