आसमान से गिरे खजूर में अटके: जेल से बाहर आते ही फिर गिरफ्तार हुए आजम खान, जानिए क्या है पूरा मामला

Advertisement

गूंज, उत्तर प्रदेश। एक पुरानी कहावत है “आसमान से गिरे और खजूर में अटके” कुछ यही कहावत चरितार्थ हुई है समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आजम खान के साथ।

दो पैन कार्ड मामले में करीब एक साल से जिला कारागार में बंद समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को शनिवार को रिहाई के तुरंत बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गिरफ्तार कर लिया। जेल के मुख्य द्वार पर ही ईडी की टीम ने उन्हें अपनी हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम आजम खान को अपने साथ गाजियाबाद ले गई। इस दौरान जेल के बाहर मौजूद उनके समर्थकों ने ईडी की कार्रवाई का विरोध करते हुए हाय-हाय के नारे लगाए।

आजम खान की रिहाई की सूचना मिलते ही शनिवार शाम करीब पांच बजे से जिला कारागार के बाहर समर्थकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। जैसे ही आजम खान जेल से बाहर निकले, ईडी की टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से जेल के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। समर्थकों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी रही। हालात को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस और सीआरपीएफ के जवान तैनात रहे।

वहीं, आजम खान के बेटे अब्दुल्ला आजम जेल से रिहा होने के बाद समर्थकों के बीच से होते हुए अपने घर पहुंच गए।

गौरतलब है कि दो पैन कार्ड बनवाने और उनका लाभ लेने के मामले में आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला को पिछले वर्ष 17 नवंबर को एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट (मजिस्ट्रेट ट्रायल) ने दोषी ठहराते हुए सात-सात साल की सजा सुनाई थी। इसके बाद से दोनों जिला कारागार में बंद थे। अभियोजन पक्ष की अपील पर एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट (सेशन ट्रायल) ने आजम खान की सजा बढ़ाकर दस वर्ष कर दी थी। इस फैसले के खिलाफ आजम खान की ओर से इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई थी।

बीती 29 अक्टूबर को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने आजम खान और अब्दुल्ला आजम को जमानत दे दी थी। इसके बाद उनके अधिवक्ता विभिन्न मामलों में जमानती दस्तावेज प्रस्तुत कर रिहाई की प्रक्रिया पूरी कराने में जुटे थे। शनिवार को न्यायालय की ओर से दोनों की रिहाई के लिए सभी संबंधित मामलों में परवाने जारी कर दिए गए।

हालांकि, जेल से बाहर निकलते ही ईडी की गिरफ्तारी ने आजम खान की रिहाई की खुशी को नए घटनाक्रम में बदल दिया। मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों में हुई इस कार्रवाई के बाद ईडी की टीम उन्हें पूछताछ और आगे की कार्रवाई के लिए गाजियाबाद ले गई। जेल के बाहर देर तक समर्थकों की भीड़ और विरोध के चलते माहौल तनावपूर्ण बना रहा।

You may have missed

📤 यह खबर शेयर करें